कानपुर: राधिका अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, 2 लोगों की मौत; कई गंभीर रूप से झुलसे
कानपुर के एक अपार्टमेंट में सोमवार की सुबह आग का तांडव देखने को मिला। आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई है, वहीं कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
- भारत
- 2 min read
UP: कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह-सुबह हुए इस अग्निकांड में मां-बेटी की जलकर मौत हो गई। जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इसके कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह पूरी घटना सोमवार की सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान जितेंद्र साहू की पत्नी और अनिल बाथम के 15 साल के बेटे प्रांजुल के रूप में हुई है।
आग की चपेट में आने से कई झुलसे
इसके अलावा आग की चपेट में आने से कई अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य शुरू किया।
दमकल विभाग ने कई लोगों को बाहर निकाला
एसीपी कोतवाली अमित पांडे ने बताया, ‘आज सुबह हमें करीब 4:15-4:30 बजे के बीच पटकापुर इलाके के राधिका अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिली। आग की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को तुरंत सूचित किया गया। जब हम मौके पर पहुंचे, तो आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी और कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका थी।’
Advertisement
बेहोशी की हालत में था व्यक्ति
उन्होंने आगे बताया, ‘दमकल विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पानी का इंतजाम किया और आग बुझाने में जुट गई। इसके बाद कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान उस व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाला जो बेहोश होने की स्थिति में था। उसे तुरंत अस्पताल भेज दिया गया।’
जान बचाने के लिए बालकनी से कूदे लोग
एसीपी के मुताबिक, पूरी इमारत आग की लपटों से घिरी हुई थी, ऐसे में घबराए हुए कुछ लोग अपनी बालकनी से कूदकर बगल की छत पर चले गए। इस वजह से उन्हें कुछ चोटें आई हैं।
Advertisement
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल अपार्टमेंट में आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।