अपडेटेड 31 January 2024 at 17:45 IST
IPS प्रशांत कुमार ने संभाला UP के कार्यवाहक DGP का पदभार, CM योगी की बने पहली पसंद
1990 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश के नये डीजीपी बने हैं।
- भारत
- 3 min read

UP DGP Prashant Kumar : उत्तर प्रदेश के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) Special Director General of Police (Law and Order) प्रशांत कुमार को राज्य का नया कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (DGP) बनाया गया है। वह प्रदेश के लगातार चौथे कार्यवाहक डीजीपी हैं।
1990 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश के नये डीजीपी बने हैं। इससे पहले वह विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून—व्यवस्था) के पद पर तैनात थे। उन्होंने डीजीपी विजय कुमार की जगह पदभार संभाला। राज्य के पुलिस प्रमुख के पद पर नियुक्ति के बाद कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की।
उत्तर प्रदेश गृह विभाग के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद की ओर से जारी नियुक्ति के आधिकारिक आदेश के अनुसार प्रशांत कुमार के पास कानून-व्यवस्था और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) इकाइयों का भी प्रभार पहले की ही तरह बरकरार रहेगा।
'सिंघम' के नाम से मशहूर हैं प्रशांत कुमार
Advertisement
प्रशांत कुमार 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। IPS में बनने से पहले प्रशांत कुमार ने एमबीए, एमएससी और एमफिल की डिग्री हासिल की। आईपीएस चुने जाने के बाद उन्हें तमिलनाडु कैडर मिला लेकिन चार साल बाद साल 1994 में वो यूपी कैडर में चले गए थे। उत्तर प्रदेश के नए डीजीपी प्रशांत कुमार लोगों के बीच में सिंघम के नाम से मशहूर हैं। प्रशांत कुमार अब तक यूपी पुलिस में एसडीजी कानून एवं व्यवस्था का पद संभाल रहे थे। उन्हें बहादुरी और उत्कृष्ट कार्य के लिए तीन बार पुलिस मेडल मिल चुका है।
UP में लगातार चौथे कार्यवाहक DGP
Advertisement
बिहार के सीवान जिले के मूल निवासी 58 वर्षीय प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश के लगातार चौथे कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक होंगे। 1987 बैच के अधिकारी मुकुल गोयल को 11 मई 2022 को कर्तव्य के प्रति लापरवाही के आरोप में पद से हटाये जाने के बाद से उत्तर प्रदेश में किसी भी पूर्णकालिक डीजीपी की नियुक्ति नहीं हुई है। गोयल को हटाये जाने के बाद डी. एस. चौहान प्रदेश के कार्यवाहक डीजीपी बने थे जो अप्रैल 2023 में सेवानिवृत्त हो गये। उसके बाद एक महीने के लिये आर. के. विश्वकर्मा कार्यवाहक डीजीपी बने। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद 31 मई को विजय कुमार को कार्यवाहक पुलिस प्रमुख बनाया गया था, जो आज सेवानिवृत्त हो गये।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 31 January 2024 at 17:25 IST