अपडेटेड 27 November 2024 at 19:49 IST
संभल में जुम्मे की नमाज से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन, 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद
संभल जिला प्रशासन ने अगले 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। ऐसा शुक्रवार को जुम्मे की नमाज और चंदौसी कोर्ट में होने वाली सुनवाई के चलते किया गया है।
- भारत
- 3 min read

Sambhal Violence: संभल में अगले 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को जुम्मे की नमाज और चंदौसी कोर्ट में सुनवाई के कारण इंटरनेट सेवा बंद करने की फैसला लिया है। संभल हिंसा पर मुरादाबाद कमिश्नर ने कहा कि अभी हालात पूरी तरह से ठीक नहीं हैं।
संभल में रविवार को हुई हिंसा के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। योगी सरकार ने नुकसान की भरपाई उपद्रवी तत्वों से करने का फैसला लिया है। इन तत्वों की पहचान के लिए जगह-जगह उनके पोस्टर लगवाए जाएंगे। संभल शहर के मोहल्ला कोट पूर्वी में स्थित जामा मस्जिद में रविवार को हो रहे सर्वेक्षण के दौरान हिंसा भड़क उठी थी जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। इस दौरान हुए पथराव में सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान हुआ था।
आरोपियों के जगह-जगह लगेंगे पोस्टर
सरकार का कहना है कि संभल हिंसा में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है। पत्थरबाजों और उपद्रवियों के पोस्टर जगह-जगह लगाए जाएंगे और उनसे नुकसान की वसूली की जाएगी। उनकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को इनाम भी दिया जा सकता है। सरकार ने साल 2020 में भी इसी तरह की एक पहल में संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में हुई हिंसा के आरोपियों के पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगवाए थे। ये पोस्टर राज्य की राजधानी सहित कई स्थानों पर लगाए गए थे, लेकिन बाद में अदालत के आदेश पर उन्हें हटा दिया गया था।
महिलाओं समेत परिवार फरार
संभल हिंसा में अबतक करीब 100 नकाबपोश दंगाइयों की पहचान हुई है। सामने आए वीडियो से पता चलता है कि हिंसा में पत्थरबाज महिलाएं भी शामिल थीं। वीडियो में देखा जा सकता है कि रविवार को महिलाओं ने छत से पुलिस पर पत्थर फेंके थे। पुलिस वीडियो के आधार पर पत्थरबाज महिलाओं की तलाश कर रही है। वीडियो मस्जिद के पास के इलाके हिन्दू खेड़ा की है। पत्थरबाजी के बाद से यहां के सभी घरों पर ताला लटका हुआ है। सभी महिलाएं परिवार समेत फरार हैं। पुलिस हिंसा में शामिल इसी इलाके की 3 पत्थरबाज महिलाओं को गिरफ्तार कर चुकी है।
Advertisement
अब तक 25 आरोपी गिरफ्तार
संभल शहर के मोहल्ला कोट पूर्वी स्थित मुगल कालीन जामा मस्जिद में रविवार को अदालत के आदेश पर सर्वे का काम शुरू किया गया था। सर्वेक्षण का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए थे। इसके विरोध में भड़की हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी और एक उप जिलाधिकारी समेत कम से कम 25 लोग घायल हो गए थे। इस दौरान हुए पथराव और आगजनी में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। इस मामले में अब तक कुल सात मुकदमे दर्ज कर 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
ये भी पढ़ें: अजमेर दरगाह में शिव मंदिर होने का दावा, कोर्ट ने मंजूर की याचिका, सभी पक्षकारों को नोटिस
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 27 November 2024 at 19:27 IST