मुंह पर काटा, घूंसा मारा और... ग्रेटर नोएडा में 70 साल की बुजुर्ग महिला से रेप की कोशिश, विरोध करने पर की मारपीट
ग्रेटर नोएडा से एक 70 साल की बुजुर्ग महिला के आबरू पर जबरन हाथ डालने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- भारत
- 2 min read

Greater Noida Crime News: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा से एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पड़ोस में रहने वाले एक शख्स ने घर में अकेली सो रही 70 साल की बुजुर्ग महिला की अस्मत लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने बुजुर्ग महिला से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को दबोच लिया है।
जानकारी के मुताबिक, थाना जारचा क्षेत्र में बुजुर्ग महिला बीती रात अपने घर में खाट पर सो रही थी। महिला के बेटे और बहू ससुराल गए हुए थे। इसकी भनक शायद पड़ोस में रहने वाले 60 साल के आरोपी को पहले ही लग चुकी थी। ऐसे में वो देर रात करीब 1 बजे चोरी-छिपे दीवार कूदकर घर में दाखिल हुआ। आरोपी के नशे में धुत्त होने की बात सामने आ रही है।
विरोध करने पर चेहरा काटा, दांत तोड़ा
नशे में चूर आरोपी ने बुजुर्ग महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। महिला के जबरदस्ती का विरोध करने पर आरोपी ने उनके मुंह पर काटा। इतना ही नहीं, उसने महिला के मुंह पर घूंसा दे मारा, जिससे उनका एक दांत टूट गया।
शोर सुनकर दौड़े आए पड़ोसी
इस दौरान महिला ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर की आवाज सुनकर मौके पर लोग पहुंचे। लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था।
Advertisement
इस पूरी घटना की जानकारी तुरंत महिला के बेटे को दी गई। साथ ही महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही पूरे मामले के बारे में पुलिस को सूचित किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदम दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जारचा थाना प्रभारी कैलाश नाथ ने पूरे मामले को लेकर कहा कि खंडेरा गांव में 70 साल की बुजुर्ग महिला के साथ पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने नशे की हालत में दुष्कर्म का प्रयास किया। परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपी गजे सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।