अपडेटेड 13 January 2026 at 16:19 IST

Pawan Singh: गोरखपुर में भोजपुरी स्टार पवन सिंह के शो में उमड़ी भारी भीड़, केक काटते ही बेकाबू हुए फैंस; पुलिस ने भांजी लाठियां

Pawan Singh: गोरखपुर महोत्सव के दौरान पवन सिंह केक काट रहे थे, जिस दौरान भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। इस दौरान पुलिस को लाठीचार्ज करके हालात काबू करने पड़े।

Follow : Google News Icon  
Pawan Singh
Pawan Singh | Image: X

Pawan Singh: गोरखपुर महोत्सव के दूसरे दिन काफी अफरा-तफरी मच गई, भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह के जन्मदिन के जश्न के दौरान भारी भीड़ बेकाबू हो गई थी। हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इस वीडियो पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन्स दे रहे हैं।

कार्यक्रम में उमड़ी हजारों की भीड़

रामगढ़ताल स्थित चंपा देवी पार्क में तीन दिनों तक का गोरखपुर महोत्सव मनाया जा रहा था, इसके दूसरे दिन 12 जनवरी की रात भोजपुरी नाइट का आयोजन किया गया था। इसमें पवन सिंह की लाइव परफॉर्मेंस देखने के लिए हजारों लोग कार्यक्रम में पहुंचे थे। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि पार्क की सभी कुर्सियां पहले ही भर चुकी थीं और बड़ी संख्या में लोग खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे। लंबे इंतजार के बाद जैसे ही पवन सिंह मंच पर पहुंचे, दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। उन्होंने अपने सुपरहिट गानों की प्रस्तुति दी, जिस पर पूरा पंडाल झूम उठा। इसी दौरान मंच पर एक्टर और गोरखपुर से सांसद रविकिशन शुक्ला भी पवन सिंह के साथ स्टेज पर नजर आए थे।

पवन सिंह द्वारा केक कटते ही बिगड़े हालात

कार्यक्रम के बीच पवन सिंह के जन्मदिन को सेलिब्रेट करने के लिए मंच पर केक मंगाया गया था। जैसे ही केक काटने की तैयारी शुरू हुई, दर्शकों की भीड़ मंच की ओर बढ़ने लगी। लोग एक-दूसरे को धक्का देने लगे और कुछ ही पलों में स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई। भीड़ को रोकने के लिए वहां मौजूद पुलिस ने लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोग गिर पड़े और कई कुर्सियां टूट गईं। पुलिस को हालात संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो

इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करते हुए दिख रही है। वीडियो  सामने आने के बाद लोग प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों पर सवाल उठा रहे हैं। बता दें कि गोरखपुर महोत्सव का उद्घाटन रविवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने किया था। पहले दिन बॉलीवुड नाइट का आयोजन हुआ था, जबकि दूसरे दिन पवन सिंह की प्रस्तुति ने माहौल को गर्माया हुआ था। आज यानि, 13 जनवरी को महोत्सव का समापन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोगों को संबोधित करेंगे। वहीं रात में मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

Advertisement

यह भी पढ़ें: Border 2 के गाने ‘जाते हुए लम्हों’ के लॉन्च पर रो पड़े सुनील शेट्टी

Published By : Kirti Soni

पब्लिश्ड 13 January 2026 at 16:19 IST