दिल्ली टू अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस अब यहां भी रुकेगी, नोएडा-आसपास के जिलों के लोगों के लिए अच्छी खबर; आसान होगा सफर
गौतमबुद्ध नगर और आसपास के जिलों के लाखों रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली से होकर अयोध्या तक जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अब खुर्जा स्टेशन पर भी रुकेगी।
- भारत
- 2 min read

Khurja Station Vande Bharat: गौतमबुद्ध नगर और आसपास के जिलों के लाखों रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली से होकर अयोध्या तक जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अब खुर्जा स्टेशन पर भी रुकेगी। इस फैसले से गौतमबुद्ध नगर और आसपास के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। क्योंकि अब उन्हें अयोध्या जाने के लिए दिल्ली तक का सफर नहीं करना पड़ेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस ठहराव को मंजूरी दे दी है।
यह फैसला गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर और बाकी जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि मंडल की रेल मंत्री से मुलाकात के बाद लिया गया। प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं को बेहतर करने के लिए कई बिंदुओं पर चर्चा की थी, जिसमें खुर्जा में वंदे भारत के ठहराव की मांग प्रमुख थी। रेल मंत्री ने न सिर्फ इस मांग को स्वीकार किया, बल्कि कई स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने का भी भरोसा दिलाया।
रेल मंत्री के सामने रखे से 5 मुद्दे, सभी को हल किया
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पांच प्रमुख मुद्दे रेल मंत्री के सामने रखे। इसमें दादरी स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव, पैरा मिलिट्री कोटा की सुविधा, मारीपत और बोडाकी स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का विस्तार, यात्रियों के लिए बैठने के टिन शेड और सिकंदराबाद स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार जैसे बिंदु शामिल थे।
यात्रियों को बड़ी सुविधा
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि यह क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे न सिर्फ आवागमन आसान होगा, बल्कि धार्मिक यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार और रेल मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का इंफ्रास्ट्रक्चर हर स्तर पर आगे बढ़ रहा है और यह फैसला उसी दिशा में एक अहम कदम है।
Advertisement
रेल मंत्री ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बाकी सभी समस्याओं और सुझावों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी और यात्रियों की सुविधाओं में सुधार प्राथमिकता में रहेगा।