अपडेटेड 3 November 2024 at 12:59 IST

फातिमा खान ने दी थी CM योगी को जान से मारने की धमकी, गिरफ्तारी के बाद हुए कई बड़े खुलासे

मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी भरा संदेश भेजने के आरोप में एक युवती को गिरफ्तार किया है।

Follow : Google News Icon  
Fatima Khan from mumbai held sending death threat to up cm yogi adityanath
फातिमा खान ने दी थी CM योगी को जान से मारने की धमकी, गिरफ्तारी के बाद हुए कई बड़े खुलासे | Image: PTI

मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी भरा संदेश भेजने के आरोप में एक युवती को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। आरोपी युवती की पहचान फातिमा खान (24) के रूप में की गई है, वह अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में रहती है। अधिकारी ने बताया कि उसने सूचना प्रौद्योगिकी में बीएससी की है।

अधिकारी ने बताया कि उसके पिता का लकड़ी का कारोबार है। पुलिस ने बताया कि युवती शिक्षित है लेकिन मानसिक रूप से अस्थिर है। अधिकारी ने बताया कि मुंबई यातायात पुलिस के व्हॉट्सऐप पर शनिवार को किसी अज्ञात नंबर से एक संदेश आया, जिसमें धमकी दी गई कि अगर आदित्यनाथ ने 10 दिन के भीतर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया तो उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी की तरह मार दिया जाएगा।

ज्‍वाइंट ऑपरेशन के बाद पकड़ी गई फातिमा

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि फातिमा ने यह संदेश भेजा था। अधिकारी ने बताया कि मुंबई आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने उल्हासनगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में युवती का पता लगाया और उसे हिरासत में ले लिया। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी रही है।

Advertisement

अधिकारी ने बताया कि आदित्यनाथ राज्य विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए महाराष्ट्र आ सकते हैं और इस कारण पुलिस अलर्ट पर है। मुंबई के बांद्रा इलाके में 12 अक्टूबर को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। अधिकारियों ने यूपी और हरियाणा के शूटर्स को भी गिरफ्तार किया है।

पप्पू यादव को भी मिली थी धमकी

Advertisement

इससे पहले बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेते हुए जान की धमकी दी गई थी। इसमें उन्हें सलमान खान मामले से दूर रहने को कहा गया था। उधर, धमकी देने वाले शख्स को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है।

इसे भी पढ़ें- नशे की लगाई लत, घोड़े का इंजेक्शन देकर करता रहा रेप...कानपुर के एक और जिम ट्रेनर के महापाप की कहानी

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 3 November 2024 at 12:59 IST