अपडेटेड 28 October 2024 at 14:55 IST
अयोध्या में होने वाला है भव्य दीपोत्सव, राम की पैड़ी की तरफ जाने वाले 17 रास्ते किए बंद
अयोध्या में आगामी 30 अक्टूबर को होने वाले भव्य दीपोत्सव आयोजन की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने सरयू नदी पर राम की पैड़ी की ओर जाने वाले 17 मार्ग बंद कर दिए हैं।
- भारत
- 2 min read

अयोध्या में आगामी 30 अक्टूबर को होने वाले भव्य दीपोत्सव आयोजन की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने सरयू नदी पर राम की पैड़ी की ओर जाने वाले 17 मार्ग बंद कर दिए हैं।
साथ ही पुलिस ने राम की पैड़ी और राम पथ से जुड़ी सभी कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के नाम की सूची तैयार की है।
अयोध्या थाने के निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने सोमवार को बताया कि राम की पैड़ी से जुड़ी 17 सड़कों को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया है। सिर्फ पास धारकों को ही इन रास्तों से गुजरने की अनुमति होगी।
उन्होंने कहा कि राम की पैड़ी की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर अवरोधक लगा दिए गए हैं। सिर्फ घाटों पर तैनात किये गये स्वयंसेवक, दीपोत्सव कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों और पास धारकों को ही इन रास्तों पर प्रवेश मिलेगा।
Advertisement
शर्मा ने बताया कि राम की पैड़ी की सुरक्षा को देखते हुए सभी 17 सम्पर्क मार्गों पर एक-एक दारोगा और चार-चार सिपाही तैनात किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि राम की पैड़ी से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों से खासतौर पर आग्रह किया गया है कि वे दीपोत्सव वाले दिन प्रतिबंधित गलियों से ना गुजरें और ना ही अपने घरों की छतों पर जाएं। इसके लिये इलाके की सभी ऊंची इमारतों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किये जाएंगे।
Advertisement
आगामी 30 अक्टूबर को छोटी दीपावली के अवसर पर राम की पैड़ी तथा अन्य घाटों पर 28 लाख दीये जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। घाट प्रभारी और समन्वयक नियमित रूप से दीयों को घाट पर व्यवस्थित तरीके से रख रहे स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, हर दीये में 30 मिलीलीटर सरसों का तेल भरा जाएगा और इस प्रक्रिया की सावधानीपूर्वक निगरानी की जाएगी। दीयों की व्यवस्था सोमवार शाम को मुकम्मल हो जाएगी। उसके बाद 29 अक्टूबर को दीयों की गिनती होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में अयोध्या में यह आठवां दीपोत्सव कार्यक्रम होगा।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 28 October 2024 at 14:55 IST