Jewar Airport: नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ आए किसानों का CM योगी ने किया स्वागत, भावुक होकर अन्नदाताओं से कही ये बात
नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ पहुंचे किसानों को देख सीएम योगी भावुक हो उठे, उन्होंने अन्नदाताओं का अभिनंदन किया, दरअसल ये वही किसान हैं जिनकी खेती पर ये विशाल जेवर एयरपोर्ट बना है। किसान के लिए भी ये अहम पल है क्योंकि जिस जमीन पर वो खेती करते थे, उसी जमीन पर विमान उड़ रहा है। पढ़ें पूरी खबर
- भारत
- 3 min read

CM Yogi met the farmers: नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से शुरू हुई कमर्शियल फ्लाइट्स के बाद उत्तर प्रदेश के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं है। इस खास अवसर पर एक भावुक पल भी देखने को मिला जब सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा से आए लखनऊ पहुंचे किसानों का स्वागत किया।
दरअसल, नोएडा के जेवर क्षेत्र के 170 किसान और खेतिहर मजदूर पहली बार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर लखनऊ पहुंचे। किसानों ने कहा कि जिस जमीन पर कभी वे खेती किया करते थे, आज उसी जमीन पर बने एयरपोर्ट से विमान में सफर कर राजधानी पहुंचना उनके लिए भावुक और यादगार अनुभव है। वहीं जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि ये प्रधानमंत्री के सपनों का जीता जागता उदाहरण है।
किसानों से मिलकर क्या बोले CM योगी?
गौतमबुद्ध नगर के जेवर एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी भूमि समर्पित करने वाले 172 किसान इंडिगो एयरलाइंस की स्पेशल फ्लाइट से लखनऊ आए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भावुक होकर अन्नदाताओं का स्वागत किया और कहा कि 'अन्नदाता हमारे राष्ट्र की समृद्धि के आधार हैं। प्रदेश की विकास यात्रा में किसानों की सहभागिता और उनके योगदान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।' सीएम योगी ने पोस्ट कर लिखा- ‘अन्नदाताओं का अभिनंदन, समृद्ध भारत का वंदन’ के भाव के साथ हर किसान की प्रगति के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
किसानों ने एयरपोर्ट के लिए पुश्तैनी जमीन दी
सुबह 7:05 बजे लखनऊ से जेवर पहुंची फ्लाइट नंबर 6E-2278 ने इतिहास रचा, इसमें अभिनेत्री गुल पनाग समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कारोबारी शामिल थे। वापसी में सुबह 8:30 बजे 172 किसानों (जिनमें 20 महिलाएं शामिल हैं) को लेकर फ्लाइट लखनऊ के लिए रवाना हुई। किसानों को लखनऊ एयरपोर्ट से 5 बसों में मुख्यमंत्री आवास ले जाया गया, जहां सीएम योगी से उनकी मुलाकात हुई और बातचीत हुई।
Advertisement
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इस मौके को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने राष्ट्रहित में पुश्तैनी जमीन दी, आज वही परिवार उसी धरती से हवाई यात्रा कर रहे हैं। यह त्याग और विकास का अद्भुत उदाहरण है।
एयरपोर्ट की खासियत जानें
नोएडा एयरपोर्ट का रनवे देश के सबसे लंबे रनवे में शामिल है, जो CAT-III लाइटिंग सिस्टम से लैस है। 1 जुलाई 2026 से यहां से नियमित यात्री उड़ानें शुरू होंगी। ये घटना उत्तर प्रदेश में हवाई संपर्क बढ़ाने और किसानों के योगदान को सम्मान देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रही है। किसानों ने भूमि देने में जो विश्वास दिखाया, उसे सरकार विकास के जरिए पूरा कर रही है।