पहले युवा कट्टा बनाता था, आज ब्रह्मोस मिसाइल-आधुनिक राइफल बना रहा है... CM योगी का सपा पर हमला, बोले- अखिलेश का अतीत सबको पता

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के चार बार और बहुजन समाज पार्टी के तीन बार के शासनकाल में की गई कुल नियुक्तियों को जोड़ भी दें तो उससे दोगुने से अधिक नियुक्ति पत्र मैं यूपी के नौजवानों को बांट चुका हूं।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
CM Yogi Targets Samajwadi Party, Says Youth Have Shifted From Making Illegal Weapons to BrahMos Missiles
पहले युवा कट्टा बनाता था, आज ब्रह्मोस मिसाइल-आधुनिक राइफल बना रहा है... CM योगी का सपा पर हमला, बोले- अखिलेश का अतीत सबको पता | Image: Republic

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के माध्यम से आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस तेजी से नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं, उसे सैफई सिंडिकेट गिन नहीं पाएगा।

उसे तो सिर्फ नोट गिनना आता है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर गिनती आती हो तो गिन लो,  करीब पौने दस लाख नियुक्ति पत्र हम दे चुके होंगे। लेकिन, आपने नहीं बताया कि 30 लाख नियुक्ति पत्र कहां से देंगे और चार बार सरकार में रहते सपा ने कितने नियुक्ति पत्र बांटे थे? इस बारे में भी बताइए। आपने खुद मुख्यमंत्री रहते हुए क्या किया, अपने अतीत के बारे में बताइए, क्योंकि यूपी का हर व्यक्ति उसे जानता है। जब आपका पास्ट अच्छा नहीं है तो फ्यूचर भी अच्छा नहीं हो सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया की पहचान निष्पक्षता और पारदर्शिता बन चुकी है। इसका प्रमाण यह है कि चयन प्रक्रिया के दौरान किसी भी अभ्यर्थी से न तो पैसे की मांग की गई, न किसी ने उन्हें धमकाने का प्रयास किया और न ही किसी स्तर पर प्रक्रिया में कोई खामी सामने आई। यही नए उत्तर प्रदेश की पहचान है। आज नियुक्ति पत्र महज सरकारी नौकरी पाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं के वर्षों के परिश्रम, संघर्ष और प्रतिभा को मिला सम्मान है।

सपा-बसपा के सात कार्यकालों से दोगुने से अधिक नियुक्तियां

Advertisement

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के चार बार और बहुजन समाज पार्टी के तीन बार के शासनकाल में की गई कुल नियुक्तियों को जोड़ भी दें तो उससे दोगुने से अधिक नियुक्ति पत्र मैं यूपी के नौजवानों को बांट चुका हूं। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के लगभग पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। यह उपलब्धि केवल नियुक्तियों की संख्या तक सीमित नहीं है।

इससे प्रदेश के युवाओं को नई पहचान, आत्मविश्वास और अपने भविष्य के प्रति भरोसा मिला है। नियुक्तियों का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। यह सिर्फ शुरुआत है। अगले सप्ताह करीब 50 हजार और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है, जिनमें लगभग आठ हजार लेखपाल और 42 हजार होमगार्ड शामिल हैं। इसके अलावा, शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित करीब दो हजार अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

Advertisement

विज्ञापन निकलते ही वसूली पर निकलती थी चाचा-भतीजे की जोड़ी

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और वसूली का आरोप लगाते हुए कहा कि 2017 से पहले नौकरी का विज्ञापन जारी होते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। उस दौर में मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार नहीं मिलता था। परीक्षा देने वाला युवा पीछे रह जाता था और किसी दूसरे व्यक्ति को नियुक्ति पत्र मिल जाता था।

उन्होंने इसे ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ फिल्म से जोड़ते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश की भर्ती व्यवस्था इसका जीवंत उदाहरण थी। 2015-16 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का टॉपर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट व ग्रेजुएशन में थर्ड डिवीजन पास था, लेकिन वह पीसीएस में टॉप कर एसडीएम के पद पर चयनित हो गया। उसने टॉप किया नहीं था, उसे टॉप करवाया गया था। ऐसी व्यवस्था में मेहनत करने वाले युवाओं की प्रतिभा और भविष्य दोनों के साथ अन्याय होता था।

मुन्ना भाई गैंग के सरगना के बयान से पुरानी भर्ती व्यवस्था की याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में उन्होंने लखनऊ में मुन्ना भाई गैंग के एक सरगना का बयान पढ़ा था। इससे उन्हें सपा शासनकाल में भर्ती व्यवस्था की याद आ गई। तब कई परीक्षाओं में आवेदन कोई करता था, परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति किसी और को मिल जाती थी। हमारी सरकार ने इस व्यवस्था को समाप्त कर योग्य अभ्यर्थियों को उनकी प्रतिभा के आधार पर अवसर उपलब्ध कराए हैं।

आज उन्हें लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी के थारू जनजाति के एक नौजवान, बलिया व रायबरेली की यादव समाज की दो बेटियों, गोरखपुर के एक युवक, लखनऊ की एक बेटी और शाहजहांपुर के एक नौजवान को नियुक्ति पत्र देने का अवसर मिला। यह सामाजिक समावेश और निष्पक्ष अवसरों का प्रमाण है। आपके चेहरे की चमक नए यूपी की चमक है। उत्तर प्रदेश अब उपद्रव प्रदेश नहीं, बल्कि संभावनाओं, निवेश और रोजगार का केंद्र बन चुका है। यही नई पहचान युवाओं को नई उड़ान दे रही है और युवाओं की सफलता प्रदेश को नई पहचान दे रही है।

अर्थव्यवस्था व प्रति व्यक्ति आय भी हुई तीन गुना

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना करने में सफलता मिली है। यह लगभग साढ़े बारह लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। प्रति व्यक्ति आय में भी तीन गुना वृद्धि हुई है। प्रदेश का वार्षिक बजट बढ़कर 9.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। सरकार का प्रयास है कि बजट का दायरा और रोजगार के अवसर दोनों लगातार बढ़ें। हमने वित्त मंत्री से कहा है कि आप बजट का दायरा बढ़ाइए, हम नियुक्तियों का दायरा बढ़ाते जाएंगे। प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

ओपीएस की बात करने वाले बताएं, एनपीएस किसने लागू की थी

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर पुरानी पेंशन योजना को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस देने की बात करता है, लेकिन यह भी बताए कि न्यू पेंशन स्कीम किसने लागू की थी? 2017 में सत्ता संभालने के बाद जब उन्होंने एनपीएस के तहत आने वाले कर्मचारियों के खातों और सरकार के अंशदान की स्थिति की जानकारी ली तो पता चला कि 2005 से 2017 तक न तो कर्मचारियों के खाते खोले गए थे और न ही सरकार ने अपना अंशदान जमा किया था।

इस स्थिति को सुधारने के लिए समिति गठित की गई। सरकार ने अपना अंशदान 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और लगभग 10 हजार करोड़ रुपये बजट से उपलब्ध कराकर कर्मचारियों के खातों में धनराशि पहुंचाई। इसका उद्देश्य यह था कि कर्मचारी अपनी जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, बेटी की शादी और मकान आदि के लिए अपने खाते में जमा धनराशि का उपयोग कर सकें।

गोमती रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी में खर्च पर सवाल

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए गोमती रिवरफ्रंट और जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि गोमती रिवरफ्रंट का बजट 167 करोड़ रुपये था, लेकिन इस पर 1400 करोड़ रुपये खर्च हो गए और परियोजना अधूरी रही। कार्रवाई हुई तो आदेश मौखिक बताए गए और निचले स्तर के कर्मचारी जेल चले गए, जबकि पैसा लूटकर विदेशों में संपत्ति बनाने वाले लोग ऐश करते रहे।

इसी तरह जेपीएनआईसी की डीपीआर 200 करोड़ रुपये की थी, लेकिन इस पर 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद परियोजना अधूरी रही। लोकनायक जैसे महापुरुष के नाम पर बनने वाली परियोजना में भी भ्रष्टाचार किया गया। सीएम ने नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को स्पष्ट संदेश दिया कि यदि कोई वरिष्ठ अधिकारी गलत काम करने का दबाव बनाए तो उसका हिस्सा न बनें।

मेहनत का सम्मान है नियुक्ति पत्र, मेरिट से कभी समझौता न करें

सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, 3डी प्रिंटिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में पाठ्यक्रमों की व्यवस्था ही नहीं थी। उनकी सरकार ने तकनीकी विश्वविद्यालयों में इन पाठ्यक्रमों को लागू कराया। आज उत्तर प्रदेश का युवा ब्रह्मोस मिसाइल और कलाश्निकोव-203 राइफल के निर्माण जैसे आधुनिक रक्षा उत्पादन से जुड़े कार्यों में योगदान दे रहा है। पहले युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा और अवसर नहीं मिलते थे, लेकिन अब वही युवा अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं।

नवनियुक्त अभ्यर्थी अपनी सफलता को परिवार, समाज और दूसरे युवाओं के साथ साझा करें। मेरिट को कभी डिसओन नहीं करना चाहिए। सरकार किसी पर कृपा नहीं कर रही, बल्कि युवाओं के परिश्रम और प्रतिभा को सम्मानित कर रही है। युवाओं को अपने कार्यों से प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है। वे उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के प्रयासों के सारथी बनें।

इसे भी पढ़ें- आजम खान में दम है तो मुस्लिम CM की मांग उठाएं... राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- ढकोसलापत्र जारी कर जनता को बरगला रही सपा
 

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड