'जिन लोगों ने कारसेवकों पर गोली चलावाई वो अब उपदेश दे रहे, SIT जांच से सब साफ...', राम मंदिर में चंदा चोरी पर CM योगी की आई पहली प्रतिकिया
अयोध्या के राम मंदिर में हुई चंदा चोरी पर सीएम योगी की पहली प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा, 'ट्रस्ट के अनुरोध पर SIT जांच बिठाई है। SIT जांच दूध का दूध पानी का पानी करेगी।'
- भारत
- 3 min read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर पहुंचे। सीएम जनपद के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय सहित 378 करोड़ रुपये से अधिक की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM योगी ने पहली बार राम मंदिर में हुई चंदा चोरी पर प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने सपा पर जमकर निशाना भी साधा।
मंच से जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अयोध्या में चंदा चोरी के आरोपों पर सख्त रूख अपनाते हुए चेतावनी दे डाली। उन्होंने साफ-साफ कहा, ‘राम मंदिर के लिए 500 साल का संघर्ष हुआ है। इसलिए कोई भी अयोध्या को बदनाम न करे। अगर किसी के पास चंदा चोरी का कोई सबूत है तो वह SIT को दे। इसकी पूरी जांच होगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।’
राम भक्तों पर गोली चलाने वाले उपदेश ना दें-योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा, "कारसेवकों पर गोली चलाने और जय श्री राम बोलने पर लाठी चलाने वाले लोग आज उपदेश देने चले हैं। हमने ट्रस्ट के अनुरोध पर SIT जांच बिठाई है। SIT जांच दूध का दूध पानी का पानी करेगी। मैं सभी से कहूंगा कि कोई भी ऐसी बात ना हो जो राम भक्तों की भावनाओं को आहत करती हों। अगर किसी के पास कोई सबूत है तो वे कृपया SIT को दें।"
अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश ना करें- CM योगी
विपक्ष पर बरसते हुए सीएम योगी ने कहा, 'हमारी पावन अयोध्या में राम के नाम लेने पर ये लाठियां-गोली चलवाते थे। इनके दोहरी सोच को देखो। जिस कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर ना बन पाए इसके लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाई थी। कोर्ट तक में जाकर कहा था कि राम तो कभी हुए ही नहीं। वो कांग्रेस आज कह रही है कि राम भक्तों का अपमान हो गया। अरे जब आप कोर्ट में याचिका लगाकर कहते थे कि राम हुए ही नहीं, तब क्या राम भक्तों का अपमान नहीं होता था। अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश ना करें।'
Advertisement
सपा पर बरसे सीएम योगी
सपा पर बरसते हुए सीएम योगी ने कहा, 'गोली चलाने वाले और जय श्री राम बोलने पर लाठी बरसाने वाले आज कह रहे हैं कि राम भक्तों का अपमान हो रहा है। ये उपदेश देने चले हैं। ये दोहरा चरित्र नहीं तो क्या है। मैं सभी पक्षों से अपील करूंगा कि कोई भी अनर्गल टिप्पणी ना हो, जो राम भक्तों को आहत करती हो। राम भक्तों से मैं कहूंगा कि प्रमु राम ने हमें मर्यादा में रहना सीखाया है। उस मर्यादा का पालन करते हुए हमारे पूर्वजों ने 500 सालों का संघर्ष किया है। 15 दिन और देख लो जांच में सब साफ हो जाएगा। '