सड़कें, बिजली, पानी और एयरपोर्ट...सीएम योगी ने कुशीनगर को दीं 464 परियोजनाओं की सौगात, बोले- '9 साल में नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर में 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामकोला, हाटा और कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास के कई काम शुरू हो रहे हैं।
- भारत
- 4 min read

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर में 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामकोला, हाटा और कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास के कई काम शुरू हो रहे हैं। इससे लोगों को बेहतर सड़क, बिजली, पानी और दूसरी सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर का इतिहास बहुत गौरवशाली है।
यह भगवान राम के समय से जुड़ा रहा है और भगवान बुद्ध, भगवान महावीर की महापरिनिर्वाण स्थली के रूप में पूरी दुनिया में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि पहले भी यहां विकास की काफी संभावनाएं थीं, लेकिन पुरानी सरकारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसी वजह से यह इलाका पिछड़ गया और यहां के लोगों को पलायन करना पड़ा। योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में बीजेपी के दो वरिष्ठ कार्यकर्ताओं रामविलास भगत और रामप्रवेश साहनी को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि दोनों की उम्र 100 साल से ज्यादा है और उन्होंने पूरी जिंदगी पार्टी और समाज के लिए काम किया है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान दो बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक बच्चा उनकी गोद में आने के बाद अपनी मां के पास भी नहीं जाना चाहता था। योगी ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित और अच्छा भविष्य बनाना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। अगर आज का बचपन सुरक्षित रहेगा तो देश का भविष्य भी मजबूत होगा।
कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जल्द शुरू करने और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने का भी ऐलान
Advertisement
सीएम योगी ने कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जल्द शुरू करने और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने का भी ऐलान किया। सीएम योगी ने कहा कि रामायण कालीन कुशीनगर भगवान बुद्ध और महावीर की धरती है। पहले यहां संभावना थी, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारें ईमानदार नहीं थीं। सब कुछ होने के बाद भी कुशीनगर पिछड़ेपन और बीमारी का केंद्र बन गया था। इसी मौसम में इंसेफेलाइटिस से हजारों बच्चे तड़पते थे। उस समय सरकार में कोई संवेदना नहीं थी। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सबसे अधिक बच्चे कुशीनगर के होते थे। उन्होंने कहा कि आज मासूम बच्चों को हंसते देखकर संतोष होता है।
सीएम योगी ने कहा कि पूर्व की सरकारों में मुसहर समुदाय बदतर स्थिति में था। ये लोग घोषणाएं करते थे। सत्ता में थे तो इन्होंने क्या किया। मुसहर मरते थे, कोई पूछने वाला नहीं था। सड़कें अच्छी नहीं थीं, कोई पूछने वाला नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में 5 साल से कोरोना, ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण कई काम रुके हैं। हम जल्द ही कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू करेंगे। जेवर एयरपोर्ट के साथ कुशीनगर को जोड़ेंगे। अच्छे एयरक्राफ्ट कुशीनगर को देंगे। उन्होंने बताया कि कुशीनगर के युवाओं को एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी दी जा चुकी है। आज यूपी पुलिस और यूपीएससी की भर्ती में कुशीनगर का नौजवान भी नौकरी पा रहा है।
Advertisement
9 साल में नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा- CM योगी
सीएम योगी ने कहा कि पूर्व की सरकारें स्वयं पैरालिसिस की शिकार थीं तो पॉलिसी कैसे बनाते। सरकारी नौकरी पर सपाई गुंडे कब्जा जमाए बैठे थे। उन्होंने दावा किया कि 9 वर्ष में कोई दंगा नहीं हुआ। 'नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा'। सारे हिंदू त्योहार मनाए, कोई दंगा नहीं। विकास का हर आयाम पूरा करेंगे। कार्यक्रम में सीएम ने दो वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि दोनों ने 100 वर्ष से अधिक एक विचारधारा के साथ जीवन समर्पित किया।
दियारा को मिलेगा 800 करोड़ का पुल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारायणी उस पार दियारा के गांवों की दुर्दशा के लिए पूर्ववर्ती सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि डीपीआर बन रहा है। शीघ्र ही नारायणी पर 800 करोड़ का पुल बनेगा। दियारा के सभी गांव विकास की मुख्य धारा से जुड़ेगें। अंतिम व्यक्ति का विकास ही हमारी सरकार की सोच है। इस पर हम इमानदारी से कार्य भी कर रहे हैं।