'मैं उनसे कहूंगा गिनते रहें, हम नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे हैं, चिंता मत करो...', अखिलेश यादव के सवाल का CM योगी ने दिया करारा जवाब
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में नवचयनित 1375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि नियुक्ति पत्र वितरण का काम अब चलता रहेगा।
- भारत
- 3 min read

राजधानी लखनऊ में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित 1375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। 11 अभ्यर्थियों को मंच पर नियुक्ति पत्र मिला। गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम में का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी मौजूद रहे। इस मौके पर ग्रामीण विकास पर केंद्रित एक विशेष लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। साथ ही नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को चयन प्रक्रिया पर अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिला। इस दौरान सीएम योगी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज भी कसा।
सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र हाथ में आया तो किसी को परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरने की उम्मीद जगी, किसी को अपने बच्चे के भविष्य की चिंता से राहत मिली। वर्षों की मेहनत के बाद नौकरी मिलने की खुशी साझा करते हुए कुछ अभ्यर्थी भावुक हुए तो बोलते-बोलते गला भी रुंध गया। नौकरी पाने वालों ने चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए मुख्यमंत्री योगी का आभार जताया।
यूपी कर्फ्यू, दंगा, माफिया, उपद्रव से मुक्त है-सीएम योगी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, "16 करोड़ लोगों को क्या चेहरा देखकर राशन दिया जा रहा है? बिना भेदभाव के दिया जाता है। गरीब को मिल रहा है जो हकदार है। लेकिन 2017 से पहले अराजकता थी। हर जिले में माफिया सक्रिय था। माफिया की समानांतर सरकार चलती थी। कोई सुरक्षित नहीं था। आज यूपी कर्फ्यू, दंगा, माफिया, उपद्रव से मुक्त है।"
अखिलेश जी आप बस गिनते रहिए- अखिलेश यादव
वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नियुक्तियों को लेकर बीते दिनों किए गए सवाल का सीएम योगी ने तंज भरा जवाब दिया। सीएम योगी ने कहा, "सपा के अध्यक्ष कह रहे थे कि नियुक्ति पत्र वितरित नहीं हो रहे। मैंने कहा कि चिंता मत करो हर सप्ताह एक नियुक्ति पत्र कार्यक्रम जरूर करेंगे। सिंतबर में ये मेरा चौथा नियुक्ति पत्र कार्यक्रम है। अक्टूबर के प्रथम सप्ताह से यही नियुक्ति पत्र वितरण का काम फिर शुरू कर देंगे...मैं उनसे कहूंगा कि गिनते रहें। हम नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे हैं।"
Advertisement
10 दिनों में चौथा बड़ा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम
मिशन रोजगार के तहत पिछले 10 दिनों में यह चौथा बड़ा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है। 19 सितंबर को लोकभवन में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। इनमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा, आयुष, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के अभ्यर्थी शामिल थे।
20 सितंबर को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड से चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल थे।