अपडेटेड 19 February 2026 at 19:18 IST
CM योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी से जाएंगे सिंगापुर और जापान के दौरे पर, मैग्लेव ट्रेन में करेंगे सफर; 100 KM की होगी परीक्षण यात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी से सिंगापुर और जापान के दौरे पर जाएंगे। जापान में वे पटरी से ऊपर हवा में तैरकर चलने वाली ट्रेन मैग्लेव की 100 किमी परीक्षण यात्रा करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के पहनावे को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। आईए जानते हैं सीएम योगी विदेश दौरे पर कौन से कपड़े पहन कर जाएंगे?
- भारत
- 2 min read

CM Yogi Foreign Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी से सिंगापुर और जापान के दौरे पर जा रहे हैं। इन यात्राओं से सीएम योगी उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश आकर्षित करेंगे और साथ ही आधुनिक परिवहन तकनीक से भी रूबरू होंगे। दौरे के दौरान कई उच्चस्तरीय बैठकों, निवेशक सम्मेलनों और रोडशो में सीएम योगी हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री योगी के सिंगापुर और जापान दौरे को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं, क्योंकि खबरें हैं कि मुख्यमंत्री इस बार भी अपने पारंपरिक भगवा कुर्ता-चोला में ही विदेश यात्रा पर जाएंगे। आमतौर पर देश में होने वाले सरकारी कार्यक्रमों से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों तक योगी आदित्यनाथ अपने इसी पहनावे में नजर आते हैं।
पटरी से ऊपर हवा में तैरकर चलती है मैग्लेव ट्रेन
मुख्यमंत्री योगी के जापान दौरे की सबसे खास बात होगी अत्याधुनिक मैग्लेव (मैग्नेटिक लेविटेशन) ट्रेन का अनुभव। यह ट्रेन चुंबकीय शक्ति से पटरी से ऊपर तैरकर चलती है और घर्षण रहित तकनीक से 600 किमी प्रति घंटा से ज्यादा रफ्तार पकड़ सकती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस हाई-स्पीड ट्रेन में 100 किलोमीटर की परीक्षण यात्रा (50 किमी जाना और 50 किमी वापसी) लेंगे। यह यात्रा टोक्यो-नागोया कॉरिडोर परियोजना से जुड़ी है, जिसे 2027 तक शुरू करने की तैयारी तेज है। यह अनुभव उत्तर प्रदेश में आधुनिक परिवहन ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।
क्या भगवा वस्त्र पहनकर जाएंगे CM योगी?
CM योगी के दौरे को लेकर चर्चाएं इसलिए भी तेज हैं क्योंकि सभी जानना चाहते हैं कि इन विदेशी यात्राओं के दौरान मुख्यमंत्री योगा का पहनावा क्या रहेगा। सूत्रों की मानें तो, सीएम योगी आदित्यनाथ इन विदेश यात्राओं पर भगवा वस्त्र ही पहनने वाले हैं। जापान में वे टोक्यो से 45-50 किलोमीटर दूर स्थित हनुमान मंदिर के दर्शन भी करेंगे। वहीं, पारंपरिक सैंडल की जगह सूज (जूते) पहनने की संभावना है। यह दौरा औपचारिक बैठकों पर केंद्रित रहेगा, लेकिन सांस्कृतिक पक्ष ने इसे और चर्चित बना दिया है।
Advertisement
मुख्यमंत्री का फोकस उत्तर प्रदेश में स्मार्ट और सतत परिवहन पर रहेगा। जापान की हाई-स्पीड और पर्यावरण-अनुकूल तकनीक से भारत को लाभ मिल सकता है। यह यात्रा भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करेगी। यूपी में मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन हाइड्रोजन, इलेक्ट्रॉनिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश की उम्मीद भी की जा रही है। यह दौरा उत्तर प्रदेश के विकास और वैश्विक साझेदारी की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
Advertisement
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 19 February 2026 at 19:18 IST