'दिल्ली बन गई है गैस चैंबर', गोरखपुर में बोले सीएम योगी, कहा- हम खुशकिस्मत हैं, यहां विकास तो है, लेकिन... AAP ने साधा निशाना
CM Yogi statement: गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली की आबोहवा पर सवाल उठाए। उन्होंने दिल्ली को 'गैस चेंबर' बताते हुए कहा कि यहां सांस लेना कठिन हो गया है। उनके इस बयान पर आम आदमी पार्टी ने निशाना साधा है।
- भारत
- 2 min read

UP CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हाल ही में गोरखपुर में दिया बयान चर्चाओं में आया है, जिसमें वे दिल्ली के आबोहवा पर सवाल उठाते नजर आए। उन्होंने दिल्ली की तुलना गैस चैंबर से की और कहा कि दिल्ली में जिंदगी घुटन भरी हो गई है। सीएम योगी ने यह बातें शनिवार (14 फरवरी) को गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कही। वह गोरखपुर में एक कल्याण मंडपम का लोकार्पण कर रहे थे।
दरअसल, कार्यक्रम में सीएम योगी लोगों को स्वच्छता का संदेश दे रहे थे। उन्होंने जनता से अपील की कि वह गंदगी न फैलाएं, सड़क पर कूड़ा न फेंके। इसी दौरान वह दिल्ली और यूपी के हालातों की तुलना करते नजर आए।
सीएम योगी ने की लोगों से अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में कहा कि जनता का दायित्व है स्वच्छता और शुद्धता पर ध्यान देना। गंदगी न होने दें, सड़क पर कूड़ा न फेंके, सिंगल यूज प्लास्टिक को नालियों और सड़क पर न डालें, इनका इस्तेमाल न करें, यह नुकसानदायक है।
‘दिल्ली में दम घुटता है, सांस लेने में दिक्कत…’
उन्होंने आगे कहा कि देख रहे हो न क्या दिल्ली में घुटन भरी जिंदगी हो गई है। ऐसा लगता है कि जैसे गैस चैंबर में हों। एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 से ऊपर। दिल्ली में दम घुटता है, आंखों में जलन होती है, सांस लेने में दिक्कत होती है। डॉक्टरों को बुजुर्ग, बच्चों और बीमार लोगों के लिए कहना पड़ता है कि आप घर से बाहर मत निकलिए। इतनी खराब स्थिति है।
Advertisement
यहां दम घुटने वाला माहौल नहीं- CM योगी
सीएम योगी ने कहा, ‘‘हम खुशकिस्मत हैं कि यहां विकास तो है, लेकिन दम घुटने वाला माहौल नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि आज गोरखपुर में कितना शानदार माहौल है। कहीं भी दमघोंटू माहौल नहीं, जहां मर्जी घूमते रहिए। अगर पर्यायवरण को आप बचाएंगे, तो पर्यायवरण आपको बचाएगा। धरती माता के प्रति आप अपने उतर दायित्व का निर्वहन करेंगे तो धरती माता भी आपको उसी तरह का आशीर्वाद देकर फलने-फूलने की राह दिखाएगी। उसी राह के लिए हम सबको योगदान देना है।
सीएम योगी के इस बयान पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने निशाना साधा है। AAP नेता संजय सिंह ने कहा है कि लग रहा योगी आदित्यनाथ भूल गए कि दिल्ली में बीजेपी की ही सरकार है या इन्होंने जानबूझकर मोदी और रेखा गुप्ता को एक्सपोज करने के लिए ये बयान दिया है।