अपडेटेड 9 February 2026 at 09:27 IST
'प्यारे बच्चों...' CM Yogi ने लिखी खास चिट्ठी, 'योगी की पाती' में इन चीजों से दूर रहने की दी सलाह
Yogi ki Paati: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने 'योगी की पाती' में बच्चों को खास संदेश दिया। उन्होंने चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करने की सलाह दी। साथ ही साथ बच्चों में मोबाइल की लत पर भी चिंता जताई।
- भारत
- 3 min read

UP CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के नाम एक खास चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने बच्चों को चाइनीज मांझे और मोबाइल की लत से दूर रहने की सलाह दी। अपनी पाती में उन्होंने किताबों से दोस्ती करने को कहा। साथ ही अपने संदेश में बोर्ड स्टूडेंट्स को शुभकामनाएं भी दी है।
'योगी की पाती' में मुख्यमंत्री ने बच्चों से चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करने और दोस्तों को भी इसको लेकर जागरूक करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस मांझे का उपयोग कानूनन अपराध है। प्रदेश में इसकी बिक्री, भंडारण और उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है।
‘चाइनीज मांझे से आपको पूरी तरह दूर रहना है’
सीएम योगी ने लिखा, "प्यारे बच्चों, आपकी सुरक्षा, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफलता हमारी सरकार की प्राथमिकता है। आकाश में ऊंची उड़ती पतंग सबको अच्छी लगती है। आपको भी पतंग उड़ाने में मजा आता होगा, लेकिन चाइनीज मांझे से आपको पूरी तरह दूर रहना है। तेज धार वाले इस मांझे का उपयोग कानूनन अपराध है। पूरे प्रदेश में इसकी बिक्री, भंडारण और उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। चाइनीज मांझे से होने वाली जनहानि को देखते हुए प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। आपको भी इसमें सहयोग करना है। स्वयं इसका उपयोग न करें और दोस्तों को भी जागरुक करें। कोई दुकानदार या अन्य व्यक्ति चाइनीज मांझे की बिक्री करता दिखे, तो परिजनों की सहायता से पुलिस को सूचित करें।"
मोबाइल फोन आपके घंटों बर्बाद करता है- CM योगी
सीएम योगी ने अपनी इस चिट्ठी में बच्चों की मोबाइल की लत पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मोबाइल कैसे आपको मूल्यवान समय चुरा लेता है और आपको पता ही नहीं चलता। सीएम ने कहा कि एक गेम या वीडियो देखने के लिए उठाया मोबाइल कई घंटे नष्ट कर देता है। आंखें कमजोर करता है और साथ ही साथ यह पढ़ाई में बाधा डालता है। इसके स्थान पर कोई रुचि विकसित करें। पुस्तकों से मित्रता करें। मित्रों के साथ खेलकूद में भाग लें। परिवार के साथ समय बिताएं। मोबाइल का उपयोग सीमित समय के लिए करें।
Advertisement
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह समय वैसे भी मोबाइल से दूर रहने का है। बोर्ड परीक्षाएं निकट हैं। पूरे वर्ष आपने लगन और परिश्रम से तैयारी की है।
बोर्ड परीक्षा के लिए शुभकामनाएं और सलाह भी दी
उन्होंने बोर्ड परीक्षाएं दे रहे छात्रों को सलाह दी कि परीक्षा कक्ष में आत्मविश्वास के साथ प्रवेश करें, प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ें और बिना घबराए सहजता से उत्तर लिखें। अपने प्रयास एवं अनुशासन में कमी न रखें और नकारात्मक विचारों से दूर रहें।
Advertisement
सीएम योगी ने भगवत गीता के एक श्लोक का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, "श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं- 'कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन' अर्थात मनुष्य का अधिकार केवल कर्म पर है, उसके परिणाम पर नहीं। आपकी सीखने की ललक और परिश्रम ही सबसे महत्वपूर्ण हैं। सभी विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए हृदय से शुभकामनाएं।"
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 9 February 2026 at 09:27 IST