गिरगिट भी शर्मा जाए...रायबरेली से CM योगी का अजय राय पर हमला, बोले- बजरंग बली के सामने दंडवत, फिर मछली की दावत उड़ाते हैं
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में हनुमानगढ़ी के दर्शन करने के बाद कथित तौर पर मछली भोज का आयोजन करने के लिए कांग्रेस नेता के आचरण पर सवाल खड़े किए।
- भारत
- 2 min read

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी और उसके प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में हनुमानगढ़ी के दर्शन करने के बाद कथित तौर पर मछली भोज का आयोजन करने के लिए कांग्रेस नेता के आचरण पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि एक तरफ राम-राम चिल्लाने और बजरंग बली के दरबार में दंडवत होने का ढोंग किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि इसे देखकर गिरगिट भी शर्मा जाता होगा कि मनुष्य के रूप में ये कौन सी प्रजाति आ गई है। आपको बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार (23 अगस्त) को पार्टी नेताओं के साथ अयोध्या पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ी में बजरंग बली के दर्शन कर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। राम मंदिर में रामलला का दर्शन करके वह तारुन के अर्पित मैरिज लॉन में आयोजित सम्मान समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे।
यहां उनके स्वागत समारोह के दौरान आयोजित मछली भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मछली पकाए जाने का एक वीडियो सामने आया, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसके बाद विवाद खड़ा हो गया और आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया।
सीएम योगी ने किया अवधेश राय हत्याकांड का जिक्र
Advertisement
मुख्यमंत्री ने अवधेश राय हत्याकांड का भी जिक्र किया। अवधेश अजय राय के भाई थे। योगी ने कहा कि अजय राय का पूरा इतिहास ही इस प्रकार है। उन्होंने कहा, “इनके भाई की हत्या की थी एक माफिया ने और यह व्यक्ति उस माफिया के खिलाफ बयान देने के लिए नहीं गया बल्कि उस माफिया के खिलाफ घुटने टेक कर नतमस्तक हो गया।”
योगी ने कहा कि प्रदेश में बीजेपी सरकार बनने पर उस माफिया को रगड़कर उसकी भूसी निकाल दी गई। उन्होंने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों ने यूपी को माफिया प्रदेश बना दिया था और यूपी के लोगों के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था। आज यूपी के लोगों के सामने पहचान का कोई संकट नहीं है।