भव्य होगा योगी सरकार का 10वां दीपोत्सव, 33 लाख दीपों से जगमगाएगी रामनगरी अयोध्या, 34 हजार वालंटियर संभालेंगे दीप प्रज्वलन
दीपोत्सव अब अयोध्या की पहचान बन चुका है और हर साल देश-विदेश में इसकी चर्चा होती है। ऐसे में 10वें दीपोत्सव को और अधिक भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। नवंबर में रामनगरी 33 लाख दीपों की रोशनी से जगमगाने को तैयार है।
- भारत
- 3 min read

राघवेंद्र पांडे
Ayodhya: अयोध्या एक बार फिर भव्य और ऐतिहासिक दीपोत्सव के लिए तैयार हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस साल 5 से 7 नवंबर तक 10वें दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राम की पैड़ी समेत करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में 33 लाख मिट्टी के दीप प्रज्वलित कर नया कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी है। आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
दीपोत्सव के दौरान अनवरत रोशनी के लिए 65 लाख बातियों, 55 हजार लीटर तेल और 150 किलो कपूर समेत मोमबत्तियों और स्वयंसेवकों के लिए टी-शर्ट जैसी आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए कुल पांच टेंडर जारी किए गए हैं, जिनमें दीपों से जुड़ी सामग्री, स्टेज निर्माण, सजावट और अन्य जरूरी इंतजाम शामिल हैं।
राम की पैड़ी से सरयू तट तक दीपों की छटा
इस बार भी दीपोत्सव का आयोजन श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की ओर से कराया जाएगा। राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भव्य स्टेज तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही प्रमुख मंदिरों को एलईडी लाइटों से सजाने की भी तैयारी है। सरयू तट से लेकर विभिन्न घाटों तक विशेष रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे पूरी रामनगरी दीपों और रोशनी से जगमगाती नजर आएगी।
34 हजार वालंटियर संभालेंगे दीपोत्सव की जिम्मेदारी
दीपोत्सव को सफल बनाने में करीब 34 हजार वालंटियर अहम भूमिका निभाएंगे। ये स्वयंसेवक दीप प्रज्वलन से लेकर आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखने की जिम्मेदारी संभालेंगे। आयोजन में शामिल होने वाले करीब 34 हजार छात्रों के लिए भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
Advertisement
सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता पर भी फोकस
दीपोत्सव को भव्य बनाने के साथ-साथ प्रशासन का पूरा फोकस सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता व्यवस्था पर भी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में होने वाला यह आयोजन अयोध्या के पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही शुरू होगी सामग्री की आपूर्ति
अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही आवश्यक सामग्री की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। वालंटियर के प्रशिक्षण और छात्रों के भोजन की व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ऐसे में नवंबर में होने वाले 10वें दीपोत्सव के दौरान रामनगरी को 33 लाख दीपों की रोशनी से जगमगाने की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं।