UP: 'हम नेहरू, गांधी, यादव को अपना नेता नहीं बनाएंगे, युवा मुसलमानों में भी उतना ही पोटेंशियल...', विधानसभा चुनाव से पहले ओवैसी की दो टूक
ओवैसी ने रामपुर में कहा कि अब हम नेहरू, गांधी या यादव में से किसी को अपना नेता नहीं बनाएंगे। इस दौरान उन्होंने सीएम योगी और अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा।
- भारत
- 2 min read

Asaduddin Owaisi: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुसलमान अब किसी नेहरू, गांधी या यादव को अपना नेता नहीं बनाएंगे।
दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को रामपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान वे हरे रंग की पगड़ी में नजर आए। इस जनसभा में भारी संख्या में लोगों का जमावड़ा भी देखने को मिला। उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस, बीजेपी और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।
हम नेहरू, गांधी या यादव को अपना नेता नहीं बनाएंगे- ओवैसी
ओवैसी ने कहा, 'अब हम नेहरू, गांधी या यादव में से किसी को अपना नहीं नेता बनाएंगे। हमारी सभा में ये युवा लड़के-लड़कियां हमारे सबसे आगे खड़े होंगे। मैं जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि युवा मुसलमानों में भी उतनी ही क्षमता है जितनी दूसरे समुदायों के लोगों में होती है।'
‘AIMIM आपको वह मंच दे रही है…’
उन्होंने आगे कहा, 'आप में सलाहियत है, लेकिन आपको कोई मंच नहीं दिया जाता। AIMIM आपको वह मंच दे रही है कि आओ बेटों और बेटियों नेता बनो। भारत की खिदमत करो और मजलूमों को इंसाफ दिलाओ।'
Advertisement
अब्दुल सिर्फ दरी बिछाएगा- ओवैसी
AIMIM प्रमुख ने यह भी कहा, 'अब्दुल सिर्फ दरी बिछाएगा और जब दरी बिछ जाएगी तो नेहरू, गांधी और यादव की तरह तकिया लगाकर दरी पर आराम से बैठेंगे और हमको दूर से कहेंगे- अब्दुल कैसा है। अब्दुल दरी बिछाने के लिए नहीं जन्मा है। अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा। अब्दुल नेता बनेगा, विधायक बनेगा, सांसद बनेगा।'
अखिलेश-योगी पर साधा निशाना
उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा, 'कुछ देर की खामोशी है, फिर शोर आएगा। अखिलेश-बाबा तुम्हारा वक्त आया है, हमारा दौर आएगा।'