पब्लिश्ड 23:45 IST, July 7th 2024
PM आवास योजना की पहली किस्त आते ही प्रेमी संग फरार हुईं पत्नियां, अब पतियों ने लगाई इस बात की गुहार
प्रेमी के साथ फरार हुई महिलाओं के पतियों ने PM आवास योजना की दूसरी किस्त पर रोक लगाने की मांग की है। पत्नियां फरार होने के बाद पतियों के सामने बड़ी मुसीबत आ गई।
PM Awas Yojana: प्यार में लोग क्या कुछ नहीं कर गुजरते। ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के महराजगंज से सामने आया है। यहां 11 महिलाओं ने अपना प्यार पाने के लिए सरकारी पैसे का ही दुरुपयोग कर डाला। प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त मिलते ही 11 महिलाएं अपने पति को छोड़कर प्रेमियों के साथ फरार हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार के साथ प्रशासन भी हैरान रह गया।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित पति इसकी शिकायत लेकर पुलिस के पहुंचे। प्रेमी के साथ फरार हुई महिलाओं के पतियों ने PM आवास योजना की दूसरी किस्त पर रोक लगाने की मांग की है। वही इस हैरान करने वाले मामले के सामने आते ही प्रशासन भी अलर्ट हो गया है और अब मामले की जांच की जा रही है। यह पूरा मामला महराजगंज जिले के निचलौल ब्लॉक का है।
9 गांव की 11 महिलाएं फरार
दरअसल, जो महिलाएं पैसा मिलने के बाद फरार हुई हैं। उन्हें सरकारी कागजों में घर का मुखिया बनाया गया था। निचलौल ब्लॉक के अलग-अलग 9 गांव की 11 महिलाएं पीएम अवास योजना की पहली किस्त मिलने के बाद से फरार हैं। आरोप है कि महिलाएं अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ भाग गई हैं। इस मामले का खुलासा खुद महिलाओं के पतियों ने किया है।
पतियों के सामने 3 बड़ी मुश्किल
पत्नियां तो पैसा आते ही अपने प्रमियों के साथ फरार हो गई, लेकिन पतियों के सामने बड़ी मुसीबत आ गई है। पहली मुश्किल ये कि घर अभी बना नहीं और निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही पैसा लेकर घर वाली फरार हो गई। इससे भी बड़ी मुश्किल ये कि जिला नगरीय विकास अभिकरण की ओर से उन्हें नोटिस भेजा जा सकता है। सबसे बड़ी मुश्किल ये कि विभाग द्वारा रिकवरी किए जाने का खौफ सताने लगा है। इसके बाद पीड़ित पति समझ नहीं पा रहे हैं कि करें तो क्या करें?
कैमरे के सामने पीड़ित परिजन बोलने से बचते हुए नजर आए, लेकिन कुछ परिजनो में बताया कि PM आवास योजना का पैसा आते ही उनकी बहु फरार हो गई। इस हैरान करने वाले मामले के बाद डीएम अनुनय झा ने संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई और रिकवरी करने की बात कही है।
अपडेटेड 23:45 IST, July 7th 2024