अपडेटेड 22 April 2025 at 00:26 IST
राजपूतों के गौरवशाली इतिहास का साक्षी Amber Fort घूमेंगे अमेरिकी उपराष्ट्रपति JD Vance, अद्भुत स्थापत्य कला का नमूना
JD Vance Amber Fort visit: आमेर कभी कछवाह राजपूतों की राजधानी था। आमेर फोर्ट राजपूतों के गौरवशाली इतिहास, रणनीतिक बुद्धिमत्ता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक है
- भारत
- 3 min read

JD Vance Jaipur Visit : अमेरिकी उपराष्ट्रपति JD Vance दिल्ली में पीएम मोदी के साथ डीनर कर अपने परिवार के साथ जयपुर पहुंच गए हैं। वो मंगलवार को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल में शामिल आमेर फोर्ट (Amber Fort) घूमेंगे और राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में अमेरिका-भारत संबंधों पर संबोधित करेंगे। अमेरिकी उपराष्ट्रपति अपनी पत्नी उषा वेंस (Usha Vance) और तीनों बच्चों इवान, विवेक और मीराबेल के साथ जयपुर महाराजा के पूर्व निवास, होटल रामबाग पैलेस में ठहरे हुए हैं।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 21 से 24 अप्रैल तक चार दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। सोमवार को दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने अक्षरधाम मंदिर के दर्शन किए और पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मंगलवार को परिवार संग जयपुर घूमने के बाद वो बुधवार सुबह आगरा के लिए रवाना होंगे और फिर दोपहर में जयपुर लौटेंगे। उनकी इस यात्रा का 75% हिस्सा निजी और 25% आधिकारिक है, जिसमें सांस्कृतिक और पारिवारिक पहलू प्रमुख हैं। वैंस परिवार गुरुवार सुबह अमेरिका के लिए रवाना होगा।
दो हाथियों चंदा और पुष्पा करेंगी स्वागत
आमेर किला पहुंचने पर वेंस परिवार का स्वागत पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा। उनके स्वागत के लिए आमेर के पास हाथी गांव में दो हाथियों चंदा और पुष्पा को तैयार किया गया। सुरक्षा के लिहाज से यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल आमेर किला महल सोमवार को दोपहर 12 बजे से 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। आमेर का किला गुलाबी शहर के शीर्ष पर्यटक आकर्षणों में से एक है।
राजपूतों के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक
आमेर कभी कछवाह राजपूतों की राजधानी था। आमेर फोर्ट न केवल एक वास्तुशिल्प चमत्कार है, बल्कि राजपूतों के गौरवशाली इतिहास, रणनीतिक बुद्धिमत्ता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक भी है। यह राजस्थान की शान और पर्यटकों के लिए एक अनमोल धरोहर है। जो जयपुर मुख्य शहर से करीब 11 किलोमीटर दूर अरावली पहाड़ियों पर बना राजपूत और मुगल स्थापत्य कला का उत्कृष्ट नमूना है। इसका निर्माण 1592 में राजा मान सिंह प्रथम ने शुरू करवाया था। इसे पूरा करने में सवाई जयसिंह द्वितीय और राजा जय सिंह प्रथम के शासनकाल तक करीब 100 साल लगे।
Advertisement
आमेर का किला लाल बलुआ पत्थर और सफेद संगमरमर से बना है, जिसमें हिंदू-राजपूत और मुगल शैली का मिश्रण दिखने को मिलता है। इस किले में चार स्तर हैं, जिनमें दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास, शीश महल और सुख निवास शामिल हैं। शीश महल में एक मोमबत्ती की रोशनी पूरे महल को जगमगा देती है, इसमें अनूठे शीशे लगे हैं। 2013 में यूनेस्को ने आमेर फोर्ट को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया था। ये किला जटिल नक्काशी, जालियों और मेहराबों से सजा है, जो इसकी भव्यता में चार चांद लगाते हैं।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 22 April 2025 at 00:26 IST