US Deport: आज रात 10 बजे अमेरिका से लौटेंगे 119 अवैध अप्रवासी भारतीय, अमृतसर में होगी विमान की लैंडिंग
US Deport: अमेरिका से अवैध अप्रवासी भारतीयों का दूसरा बैच आज रात 10 बजे अमृतसर पहुंचेगा। इससे पहले, 5 फरवरी को 104 अप्रवासी भारत भेजे गए थे।
- भारत
- 3 min read

US Deport: अमेरिका से अवैध अप्रवासी भारतीयों का दूसरा बैच आज रात 10 बजे अमृतसर पहुंचेगा। इस समूह में 119 भारतीय शामिल हैं, जिनमें 67 पंजाब और 33 हरियाणा के हैं। इससे पहले, 5 फरवरी को 104 अप्रवासी भारत भेजे गए थे, जिनके हाथों में हथकड़ी और पैरों में जंजीर थी। 16 फरवरी को भी एक और विमान अप्रवासियों को लेकर आएगा।
डिपोर्ट किए जा रहे लोगों ने में से कुछ ने मेक्सिको और दूसरे रास्तों से अमेरिका में अवैध रूप से घुसने की कोशिश की। अधिकारियों के मुताबिक, इन लोगों ने अमेरिका में घुसने के बाद कथित तौर पर अपने पासपोर्ट फाड़ दिए। ये लोग "डंकी रूट" (Dunki Route) यानी गैरकानूनी रास्तों से अमेरिका पहुंचे थे।
डंकी रूट (Dunki Route) क्या होता है?
डंकी रूट यानी गैरकानूनी तरीके से विदेश जाने का रास्ता। इसमें लोग कई देशों से होते हुए गैरकानूनी रूप से अमेरिका, कनाडा या यूरोप में घुसने की कोशिश करते हैं। आमतौर पर, ये लोग यह सफर बेहद खतरनाक तरीके से करते हैं जिसमें जान भी जा सकती है। लोग जंगलों, समुद्रों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से गुजरते हैं, जहां लूट, रेप, किडनैपिंग और जानलेवा बीमारियों का खतरा बना रहता है।
अमेरिका में बढ़ी सख्ती, ट्रंप प्रशासन ने लिया कड़ा फैसला
डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद से ही अवैध प्रवासियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। ट्रंप प्रशासन ने अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की है। यह पहली बार है जब अमेरिका से इतने बड़े पैमाने पर भारतीयों को डिपोर्ट किया गया है।
Advertisement
भारत में कानूनी कार्रवाई नहीं, लेकिन जांच जारी
डिपोर्ट किए गए लोगों पर भारत में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी, क्योंकि उन्होंने भारत के किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं किया है। वे कानूनी रूप से भारत से बाहर गए थे, लेकिन अमेरिका में अवैध रूप से घुसने की कोशिश के कारण उन्हें वापस भेजा गया है। हालांकि, अगर इन लोगों के पास पासपोर्ट उपलब्ध नहीं हैं। तो उनकी पहचान बायोमेट्रिक्स के जरिए की जाएगी। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ये लोग किन एजेंटों के जरिए अमेरिका पहुंचे थे और उन्हें वहां किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। डिपोर्ट किए गए भारतीयों की पहचान और उनके घर भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, सरकार इस मामले में दलालों और मानव तस्करी से जुड़े लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है।