अपडेटेड 3 August 2025 at 22:55 IST

संस्कृति और भक्ति का होगा जुड़ाव, रेल मंत्री ने दिखाई भावनगर-अयोध्या एक्सप्रेस को हरी झंडी, किए कई बड़े ऐलान

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज भावनगर (गुजरात) से तीन नई एक्सप्रेस रेल सेवाओं – भावनगर-अयोध्या एक्सप्रेस, रीवा-पुणे (हडपसर) एक्सप्रेस और जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस को झंडी दिखा कर रवाना किया।

Follow : Google News Icon  
Union Railway Minister Ashwini Vaishnaw Flags Off  Bhavnagar-Ayodhya Weekly Train
संस्कृति और भक्ति का होगा जुड़ाव, रेल मंत्री ने दिखाई भावनगर-अयोध्या एक्सप्रेस को हरी झंडी, किए कई बड़े ऐलान | Image: PIB

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज भावनगर (गुजरात) से तीन नई एक्सप्रेस रेल सेवाओं – भावनगर-अयोध्या एक्सप्रेस, रीवा-पुणे (हडपसर) एक्सप्रेस और जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस को झंडी दिखा कर रवाना किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। भावनगर-अयोध्या साप्ताहिक रेलगाड़ी के शुभारंभ समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय श्रम और रोजगार, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ मनसुखभाई मांडविया और उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन बंभानिया ने भाग लिया।  

इस अवसर पर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इन तीनों रेलगाड़ियों का बहुत महत्व है। भावनगर-अयोध्या एक्सप्रेस संस्कृति और भक्ति को जोड़ेगी और भावनगर में व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देगी। पुणे आज एक प्रमुख औद्योगिक शहर है और रीवा, जबलपुर, सतना तथा मैहर से जुड़ा हुआ है। यह रेलगाड़ी इस जनजातीय क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रेलवे के साथ एक भावनात्मक जुड़ाव है और वह रेलवे के विकास, नई प्रौद्योगिकियों का उपयोग करने और नेटवर्क का विस्तार करने पर सदैव बल देते हैं। 

पिछले 11 वर्षों में, रेलवे ने बड़े पैमाने पर परिवर्तन किया है। इस अवधि में 34,000 किलोमीटर नई रेल पटरियां बनाई गईं, यानी औसतन 12 किलोमीटर प्रति दिन इनका निर्माण हो रहा है। यह एक ऐसा कार्य है जो इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया। वर्तमान में 1,300 स्टेशन पुनर्विकास के अधीन हैं, जो दुनिया का सबसे बड़ा स्टेशन आधुनिकीकरण कार्यक्रम है। विदेशों की अपेक्षा, जहां उन्नयन के दौरान स्टेशन और रेलगाड़ी का प्रचालन बंद हो जाता है, भारत में यह काम बिना किसी व्यवधान के तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पोरबंदर-राजकोट रेलगाड़ी जल्‍द होगी शुरू

उन्होंने यह भी घोषणा की कि एक नई पोरबंदर-राजकोट रेलगाड़ी का जल्द ही दैनिक संचालन शुरू हो जाएगा। रानावाव स्टेशन पर एक नई कोच रखरखाव सुविधा, नई सरदिया-वंसजलिया रेलवे लाइन, भद्रकाली गेट, पोरबंदर शहर में एक नया फ्लाईओवर, दो नए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल और भावनगर में एक नया पोर्ट टर्मिनल पाइपलाइन में हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मुंबई से अहमदाबाद तक देश की पहली बुलेट ट्रेन का संचालन जल्द ही शुरू होगा। निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और एक बार चालू होने के बाद, मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय सिर्फ 2 घंटे और 7 मिनट होगा। 

बढ़ती यात्री सुविधाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि एक नई अमृत भारत रेलगाड़ी शुरू की गई है। अब तक ऐसी करीब आठ रेलगाड़ियां शुरू हो चुकी हैं। अमृत भारत रेलगाड़ियों में वंदे भारत के समान सुविधाएं हैं, लेकिन काफी कम किराए पर आती हैं, जिससे वे अधिक यात्रियों के लिए सस्ती हो जाती हैं। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश तेजी से बदल रहा है और प्रगति कर रहा है। 

एक नया भारत उभर रहा है और जैसे-जैसे परिवर्तन जारी है, रेलवे भी क्रांतिकारी परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। आधुनिकीकरण के साथ, नागरिकों को अब समय पर और अच्छी तरह से सुसज्जित रेल सेवाएं मिल रही हैं। रेलवे क्षेत्र में बदलाव विकसित भारत के निर्माण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सौराष्ट्र संतों, ऋषियों और भक्ति की भूमि है। अयोध्या रेलगाड़ी के माध्यम से अब इस क्षेत्र के लोगों को रामलला के दर्शन करने का सौभाग्य मिलेगा। 

उन्होंने इस पहल के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन बंभानिया ने रेल मंत्री का स्वागत किया और भावनगर को इस नई रेलगाड़ी के रूप में उपहार देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह रेलगाड़ी भावनगर की ऊर्जा को अयोध्या भक्ति के साथ जोड़ने वाले सेतु की तरह है और इससे न केवल भावनगर के लोगों को बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी लाभ होगा।

Advertisement

इसे भी पढ़ें- 7 घंटे खेला फ्री फायर गेम, 4 घंटे देखा Youtube फिर...दिल्‍ली में फंदे से झूलती मिली 10 साल के बच्चे की लाश, घरवालों ने जताई हत्या की आशंका

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 3 August 2025 at 22:55 IST