केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर टूटा दुखों का पहाड़, 84 की उम्र में पिता का निधन; PM मोदी ने अंतिम दर्शन कर जताया शोक
Dharmendra Pradhan Father Dies: पूर्व केंद्रीय मंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता डॉ. देवेंद्र प्रधान का 84 की उम्र में निधन हो गया है।
- भारत
- 2 min read

Dharmendra Pradhan Father Dies: पूर्व केंद्रीय मंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता डॉ. देवेंद्र प्रधान का 84 की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री रहे देवेंद्र प्रधान को पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र प्रधान ने सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर लाया जाएगा। इसके बाद वहां से भुवनेश्वर ले जाया जाएगा और फिर पुरी स्वर्ग द्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता के अंतिम दर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे। उन्होंने अंतिम दर्शन कर पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रधान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम माझी बोले- लोकप्रिय जननेता थे
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि देवेंद्र प्रधान एक लोकप्रिय जननेता और योग्य सांसद थे। सीएम माझी ने कहा, 'उन्होंने 1999 से 2001 तक केन्द्रीय परिवहन एवं कृषि मंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। एक जनप्रतिनिधि और सांसद के रूप में उन्होंने अनेक कल्याणकारी कार्य किए जिसके लिए उन्हें आम जनता का काफी स्नेह मिला। उन्होंने अपना पूरा जीवन सेवा और दृढ़ संकल्प की भावना के साथ राज्य के विकास के लिए समर्पित कर दिया।'
देश ने प्रतिष्ठित लोक सेवक खो दिया- माझी
माझी ने आगे कहा कि देश और राज्य ने देवेंद्र प्रधान के रूप में एक प्रतिष्ठित लोक सेवक खो दिया है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने उनके बेटे से बात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
Advertisement
व्यक्तित्व के लिए याद किया जाएगा- पटनायक
वहीं ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने कहा कि देवेंद्र प्रधान को उनके अद्वितीय संगठनात्मक कौशल और अडिग व्यक्तित्व के लिए हमेशा याद किया जाएगा। नवीन पटनायक ने कहा, 'डॉ. प्रधान के निधन से राज्य ने एक प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति और लोकप्रिय राजनेता खो दिया है।'
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान, अमेरिका, चीन से लेकर RSS से जुड़ाव तक, लैक्स फ्रीडमैन के साथ पॉडकास्ट में PM मोदी की 5 बड़ी बातें