अपडेटेड 14 May 2024 at 11:15 IST

'मैंने आज अपने भाई को खोया है...',और सुशील मोदी के निधन पर फफक-फफक कर रो पड़े अश्विनी चौबे

बीजेपी के कद्दावर नेता और पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी के निधन के समाचार से राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। उनके सियासी साथी अश्विनी चौबे रो पड़े।

Follow : Google News Icon  
Ashwini choubey remembers sushil modi
फफक फफक कर रो पड़े अश्विनी चौबे | Image: ani/x/video grab

Sushil Modi Demise Ashwini Choubey cries: बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राज्यसभा सांसद सुशील मोदी के निधन पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे फूट फूटकर रो पड़े। मीडिया से बातचीत में बोले - मैंने आज अपना भाई खो दिया है। दिल्ली एम्स में लंबी बीमारी के बाद सुशील मोदी ने दम तोड़ दिया। कैंसर से उन्होंने लड़ाई लड़ी लेकिन 13 मई की रात जिंदगी की जंग हार बैठे।

अपने भाई जैसे सियासी साथी के जाने से अश्विनी चौबे टूट गए हैं। उनके निधन पर दुख जताते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे फफक कर रो पड़े। सुशील मोदी को याद करते हुए चौबे ने कहा- सुशील मोदी सिर्फ मेरे मित्र नहीं, भाई भी थे, मुझे सलाह भी देते थे, कभी मैं डांट भी देता था उनको तो वो बुरा नहीं मानते थे... मैं यह सोच भी नहीं सकता था कि यह बुरा दिन मुझे देखना पड़ेगा।

क्या बोले चौबे?

अश्विनी चौबे ने सुशील मोदी को मित्र ही नहीं अपना भाई भी बताया। उन्होंने आगे कहा, “सुशील मोदी सिर्फ मेरे मित्र नहीं बल्कि भाई थे, मैंने आज अपने भाई को खोया है, इसकी मैं व्याख्या नहीं कर सकता। सुशील मोदी में बहुत नम्रता थी, उनके दिल में बहुत परोपकार था। पार्टी के लिए उन्होंने समर्पण भाव से काम किया... सुशील जी सचमुच मैं बहुत ही विनर्म व्यक्ति थे...अगर कभी किसी पर गुस्सा भी करते थे तो शांत होकर कहते थे कि मैंने चौबे जी डांट दिया उस आदमी को उसकी आदत ठीक करने के लिए डांटा था। वो कंप्यूटर थे, एक-एक डाटा उनको याद रहता था, पुस्तक को कभी नहीं छोड़ते थे।

एक्स पर लिखा 55 साल से पारिवारिक सदस्य

इससे पहले सुशील मोदी के निधन पर अश्विनी चौबे ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर दुख जताया। लिखा “मैंने अपना परम मित्र खो दिया… सुशील मोदी जी केवल एक नेता नहीं बल्कि 55 वर्षों से मेरे परिवार के सदस्य थे। अत्यंत कष्टप्रद, हृदय विदारक। बाबा केदारनाथ उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि! शत शत नमन!”

Advertisement
अश्विनी चौबे संग सुशील मोदी (फाइल) (सोर्स- सोशल मीडिया)

पीएम समेत तमाम दिग्गजों ने जताया दुख

प्रधानमंत्री समेत तमाम राजनीतिक हस्तियों ने शोक जताया। पीएम ने लिखा- पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने लिखा-बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यसभा सांसद व वरिष्ठ नेता श्री सुशील कुमार मोदी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद हैं।

Advertisement

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। सीएम कार्यालय की ओर से जानकारी दी गई है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर सुशील कुमार मोदी का पार्थिव शरीर विशेष विमान से दिल्ली से पटना लाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी जेसी जॉर्ज से टेलीफोन पर बात कर सांत्वना दी।

ये भी पढ़ें- शादी के दिन सुशील मोदी को अटल ने दिया था गुरूमंत्र, फिर बदली थी किस्मत

Published By : Kiran Rai

पब्लिश्ड 14 May 2024 at 11:04 IST