अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को उम्रकैद की सजा, होटल कारोबारी जया शेट्टी की करवाई थी हत्या

Jaya Shetty murder case : साल 2001 में हुई जया शेट्टी की हत्याकांड में कोर्ट ने अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
 Chhota Rajan
अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को उम्रकैद की सजा | Image: X

Jaya Shetty murder case : अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की जिंदगी अब जेल में ही कटने वाली है। मुंबई की एक विशेष अदालत ने गुरुवार को गैंगस्टर छोटा राजन को 23 साल बाद होटल कारोबारी जया शेट्टी हत्याकांड में दोषी ठहराया है। साल 2001 में हुई जया शेट्टी की हत्या के मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। जया शेट्टी की 4 मई, 2001 को उनके होटल में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।

इस मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामलों के विशेष न्यायाधीश एएम पाटिल ने छोटा राजन को हत्या के लिए भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया है। जया शेट्टी मध्य मुंबई के गामदेवी में गोल्डन क्राउन होटल की मालकिन थीं। छोटा राजन गिरोह की ओर से जबरन वसूली की धमकियों का सामना कर रहीं जया शेट्टी को गिरोह के दो सदस्यों ने 4 मई, 2001 को होटल की पहली मंजिल पर गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने होटल प्रबंधक की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया था।

हेमंत पुजारी ने मांगी थी रंगदारी

मामले की जांच से पता चला कि शेजया शेट्टी को छोटा राजन गिरोह के सदस्य हेमंत पुजारी से रंगदारी के लिए फोन आया था और पैसे न देने पर उसकी हत्या कर दी गई। राजन के खिलाफ जबरन वसूली और संबंधित अपराधों के लिए कई मामले दर्ज किए गए हैं, इसलिए होटल व्यवसायी की हत्या के मामले में उसके और अन्य आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत भी आरोप जोड़े गए। पिछले दो अलग-अलग मुकदमों में हत्या के मामले में तीन अन्य आरोपियों को दोषी ठहराया गया था और एक को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया था।

तिहाड़ जेल में बंद है छोटा राजन

हत्या से पहले जया शेट्टी को छोटा राजन गिरोह से जबरन वसूली की धमकियां मिली थी। धमकी मिलने की सूचना के बाद होटल व्यवसायी को पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई थी, लेकिन हमले से दो महीने पहले शेट्टी के अनुरोध पर उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी। जिसके बाद छोटा राजन गैंग ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। छोटा राजन 2011 में पत्रकार जे डे की हत्या के मामले में पहले से ही आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। छोटा राजन फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। उसे अक्टूबर, 2015 में इंडोनेशिया से गिरफ्तार कर भारत लाया गया था।

Advertisement

(भाषा इनपुट के साथ रिपब्लिक भारत डेस्क)

ये भी पढ़ें:  PM मोदी ने वाराणसी की जनता से मांगा आशीर्वाद, बोले- '1 जून के दिन नया रिकॉर्ड बनाएं'

Advertisement
Published By:
 Sagar Singh
पब्लिश्ड