Updated April 27th, 2024 at 15:19 IST

मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में सीआरपीएफ के दो जवानों की मौत

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में सुरक्षा बलों के एक शिविर पर उग्रवादियों के हमले में CRPF के दो जवानों की मौत हो गई और दो अन्य कर्मी घायल हो गए।

उग्रवादियों के हमले में दो CRPF जवानों की मौत | Image:PTI/Representational
Advertisement

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में सुरक्षा बलों के एक शिविर पर उग्रवादियों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवानों की मौत हो गई और दो अन्य कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उग्रवादियों ने मोइरांग पुलिस थाना क्षेत्र के नारानसेना में आईआरबीएन (भारतीय आरक्षित वाहिनी) शिविर पर हमला किया।

Advertisement

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘उग्रवादियों ने पहाड़ी की चोटियों से शिविर को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी की। गोलीबारी रात करीब साढ़े 12 बजे शुरू हुई और देर रात लगभग सवा दो बजे तक जारी रही। उग्रवादियों ने बम भी फेंके, जिनमें से एक बम सीआरपीएफ की 128 बटालियन की चौकी में फटा।’’

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सीआरपीएफ के उप-निरीक्षक एन. सरकार और हेड कांस्टेबल अरूप सैनी के रूप में हुई है।

Advertisement

उन्होंने बताया कि हमले में निरीक्षक जादव दास और कांस्टेबल आफताब दास छर्रे लगने से घायल हो गए।

अधिकारी ने कहा, ‘‘दोनों घायल जवानों को इंफाल के क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। वे खतरे से बाहर हैं।’’

Advertisement

सीआरपीएफ जवानों को आईआरबीएन शिविर की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था।

पुलिस ने कहा कि हमले में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाश जारी है।

Advertisement

Published April 27th, 2024 at 15:19 IST

Whatsapp logo