Haryana: भारी धूल के चलते नहीं दिखा रास्ता, जवानों के ऊपर से गुजरा मिलिट्री टैंक, हिसार में 2 जवान शहीद
हरियाणा के हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आने से सेना के दो जवान शहीद हो गए। यह हादसा हिसार के भोजराज गांव स्थित सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार को हुआ।
- भारत
- 3 min read

हरियाणा के हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आने से सेना के दो जवान शहीद हो गए। यह हादसा हिसार के भोजराज गांव स्थित सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार को हुआ। अभ्यास के दौरान आगे बढ़ रहे सेना के टैंक की चपेट में आने से दो जवान शहीद हो गए। सैन्य अभ्यास में जान गंवाने वाले शहीद जवानों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार और शामली निवासी लांस नायक मनीष कुमार के रूप में हुई है।
दरअसल हुआ ये कि 32 टैंकों के साथ चल रही ट्रेनिंग के बीच उड़ी धूल के कारण टैंक ड्राइवर को आगे का रास्ता नहीं दिखा और टैंक मोर्चे पर तैनात दो जवानों के ऊपर से गुजर गया। हादसे की सूचना मिलते ही सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर और अस्पताल पहुंचे। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों जवानों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है।
32 टैंकों की एक साथ मूवमेंट, धूल से कम हुई विजिबिलिटी
भोजराज क्षेत्र में सेना का रूटीन युद्ध अभ्यास चल रहा था। इसमें करीब 32 टैंक एक साथ मूवमेंट कर रहे थे। भारी टैंकों के चलने से इलाके में धूल का घना गुबार उठ गया। इससे सामने देखने की क्षमता काफी कम हो गई। इसी दौरान एक टैंक के ड्राइवर को आगे मोर्चे पर तैनात जवान दिखाई नहीं दिए और टैंक दोनों के ऊपर से गुजर गया।
Advertisement
गंभीर हालत में मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सेना के जवानों और अधिकारियों ने दोनों घायलों को संभाला। उन्हें बिना देरी किए हिसार के मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। बाद में सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करवाई।
Advertisement
परिवार के इकलौते बेटे थे लांस नायक मनीष कुमार, डेढ साल पहले ही हुई थी शादी
उत्तर प्रदेश के शामली के भाजू गांव निवासी 27 वर्षीय लांस नायक मनीष कुमार सात साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। उनके पिता रामबीर सेना के कैप्टन पद से सेवानिवृत्त है। करीब डेढ़ साल पहले मनीष कुमार की शादी हुई थी। शादी के बाद अभी उनकी कोई संतान नहीं है। मनीष कुमार तीन बहनों के इकलौते भाई थे। स्वजनों ने बताया कि जब वे सेना में भर्ती हुए थे तो पहले ब्यास गए थे। उसके बाद 2023 में हिसार में सैनिक छावनी में आए थे।
रविवार को घर आने वाले थे अंकुश, बच्चों से की थी फोन पर बात
नायक अंकुश कुमार उत्तर प्रदेश के बदायूं के निवासी थे। उनके ताऊ के बेटे अमित कुमार ने बताया कि शनिवार को दोपहर करीब 2 बजे अंकुश ने अपने बच्चों से फोन पर बात की थी। वह रविवार को घर आने वाले थे। परिवार में पत्नी पूजा, बेटा हर्ष (7) और बेटी नंदिनी (11) हैं। उनका छोटा भाई विनीत नौकरी करता है।