ममता बनर्जी के पैर के नीचे से खिसकी जमीन, बेहद करीबी नेता सुदीप बंदोपाध्याय भी हुए बागी; सोमवार को स्पीकर से कर सकते हैं मुलाकात
तृणमूल कांग्रेस की नींव रखने वाले और ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद सिपाही माने जाने वाले सुदीप बंदोपाध्याय ने भी ममता बनर्जी को झटका देते हुए बागियों से हाथ मिला लिया है।
- भारत
- 3 min read

Sudip Bandyopadhyay: चौतरफा संकटों से घिरी पश्चिम बंगाल की पूर्व CM ममता बनर्जी को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख के सबसे भरोसेमंद और अनुभवी सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने भी बागी रुख अख्तियार करते हुए विद्रोही खेमे से हाथ मिला लिया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की पूर्व ममता सरकार में मंत्री रहे मानस भूनिया भी शनिवार को पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं।
गौरतलब है कि टीएमसी के बागी गुट में शामिल होने के बाद शनिवार की सुबह सुदीप बंदोपाध्याय कोलकाता से दिल्ली पहुंचे थे। यहां पहुंचते ही उन्होंने सीधा बीजेपी नेता भूपेंद्र यादव से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ एक्ट्रेस और सांसद शताब्दी रॉय भी मौजूद रहीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की।
15 जून को स्पीकर से मिल सकते हैं बागी सांसद
बागी सांसदों में सुदीप के शामिल होने के बाद इस बात का संकेत मिलता है कि ममता का किला अब अंदर से खोखला हो चुका है। सूत्रों के अनुसार, अब बागी खेमा सोमवार, 15 जून को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से सामूहिक मुलाकात कर खुद को 'असली टीएमसी' संसदीय समूह के तौर पर मान्यता दिलाने की तैयारी में है।
बंदोपाध्याय बनेंगे विद्रोही गुट के नेता?
टीएमसी में गहराते संकट के बीच बांगी सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए स्पष्ट किया कि उन्होंने पत्र सौंप दिया है और सोमवार को सभी बागी सांसद लोकसभा स्पीकर से मुलाकात करेंगे। बागी खेमे के सूत्रों का कहना है कि वह लोकसभा में बंदोपाध्याय को विद्रोही गुट का नेता बनाना चाहते हैं। बता दें कि वर्तमान में लोकसभा में टीएमसी के कुल 28 सदस्य हैं, जिनमें से 20 ने बगावती तेवर अपनाया है।
Advertisement
X हैंडल बदलकर सुदीप बीजेपी टीम कर लें- महुआ मोइत्रा
इस बड़े दलबदल पर टीएमसी की फायरब्रांड नेता और सांसद महुआ मोइत्रा की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'उनका मास्क और विग दोनों उतर गए हैं। सुदीप बंदोपाध्याय ने हमें बताया था कि पेट की खराबी की वजह से वे कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि अचानक हमने उन्हें दिल्ली में भूपेंद्र यादव के घर पर टीवी पर देखा। दादा, कम से कम अपना X हैंडल बदलकर सुदीप बीजेपी टीम कर लीजिए। हमारे नाम का इस्तेमाल मत कीजिए।'
उनका लालच बहुत ज्यादा- कल्याण बनर्जी
TMC के कल्याण बनर्जी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ पार्टी सांसद सुदीप बंदोपाध्याय की मुलाकात की खबरों के बाद उनकी आलोचना की थी। उन्होंने समाचार एजेसीं एएनआई से कहा कि उनके जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। कल्याण बनर्जी ने कहा, 'उनका लालच बहुत ज्यादा है। सुदीप दा ने बहुत बहुत ज्यादा सुविधाओं का आनंद लिया है। 2019 के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने सुदीप बंदोपाध्याय को उम्मीदवार बनाया था। लेकिन उन्हें बहुत कुछ चाहिए।'