'जिम्मेदारी नहीं निभाई', चंद्रिमा भट्टाचार्य के इस्तीफे पर बोले TMC नेता सौगत रॉय, कहा- वे खुद पार्टी छोड़कर गई, हमने भी नहीं रोका
सौगत रॉय ने चंद्रिमा भट्टाचार्य के इस्तीफे पर कहा कि उन्होंने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई, इसलिए पार्टी के अंदर लोगों में नाराजगी थी। वे खुद पार्टी छोड़कर गई, हमने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की।
- भारत
- 3 min read

Saugata Roy on Chandrima Bhattacharya's Resignation: तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने शनिवार, 5 जून को ममता बनर्जी का साथ छोड़ दिया। उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया। अब इस पर टीएमसी सांसद सौगत रॉय की प्रतिक्रिया सामने आई है। उनका कहना है कि चंद्रिमा ने पार्टी के साथ विश्वासघात किया है।
सौगत रॉय ने चंद्रिमा भट्टाचार्य के इस्तीफे पर कहा, 'चंद्रिमा भट्टाचार्य राज्य TMC की अध्यक्ष थी। बाहरी लोगों ने आकर कार्यालय पर कब्जा करने की कोशिश की। उस समय चंद्रिमा भट्टाचार्य कार्यालय में थी लेकिन उन्होंने उस पर आपत्ति नहीं जताई, उन्होंने यह गलत किया।'
चंद्रिमा भट्टाचार्य ने विश्वासघात किया- सौगत रॉय
उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा, ' उन्होंने (चंद्रिमा) अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई, इसलिए पार्टी के अंदर लोगों में नाराजगी थी। वे खुद पार्टी छोड़कर गई, हमने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। ममता बनर्जी ने उन्हें कई पद दिए थे। एक बार चुनाव हारने के बाद भी, उन्हें दूसरी सीट से जिताकर वापस लाया गया था लेकिन उन्होंने विश्वासघात किया।'
ममता बनर्जी ने क्या कहा था?
वहीं ममता बनर्जी ने कहा था, ‘जिस व्यक्ति (चंद्रिमा भट्टाचार्य) ने आज इस्तीफा दिया, उन्होंने यह फैसला रातों-रात नहीं लिया। वह लंबे समय से पार्टी छोड़ने का प्लान बना रही थीं, क्योंकि उनका बेटा पहले ही उस पार्टी में शामिल हो चुका था। तो ऐसा ही हो। कोई भी पॉलिटिकल पार्टी सिर्फ एक या दो लोगों पर निर्भर नहीं रहती। वह अपने वर्कर्स और जनता पर निर्भर रहती है। ऐसे भी मामले हुए हैं जब कोई व्यक्ति कई दिनों तक मेरी सुरक्षा में रहा क्योंकि उसे BJP द्वारा गिरफ्तारी का डर था। मैंने उन्हें रहने की जगह, खाना और सपोर्ट दिया।’
Advertisement
जून में सौंपी गई थी TMC चीफ की जिम्मेदारी
बता दें कि चंद्रिमा भट्टाचार्य को हाल ही में बंगाल TMC चीफ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बंगाल चुनाव में करारी हार और पार्टी में मची उथल-पुथल के बीच ममता बनर्जी ने पार्टी की सभी मौजूदा कमेटियों को भंग कर दिया था। इसके बाद संगठन का पुनर्गठन किया था। तब 3 जून को चंद्रिमा भट्टाचार्य ने सुब्रत बख्शी की जगह TMC की राज्य अध्यक्ष का पद संभाला था।
ममता बनर्जी को लिखा था खत
चंद्रिमा ने TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी को एक पत्र लिखकर अपने इस्तीफे के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह न केवल प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ रही हैं, बल्कि पार्टी और उससे जुड़े सभी अन्य दायित्वों से भी खुद को अलग कर दिया है।
Advertisement
चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अपने पत्र के जरिए साफ किया कि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस व इससे जुड़े संगठनों के सभी बैंक खातों पर हस्ताक्षर करने की अपनी जिम्मेदारी छोड़ दी है। साथ ही, उन्होंने चुनाव आयोग के सामने पार्टी की अधिकृत प्रतिनिधि की भूमिका से भी अलग होने की घोषणा कर दी है।