अमेरिका में तेलंगाना के एक विद्यार्थी की गोली मारकर हत्या

अमेरिका में अज्ञात लोगों ने तेलंगाना के 26 वर्षीय एक विद्यार्थी की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। छात्र के परिजनों ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Shooting
Shooting | Image: ANI/Representative

अमेरिका में अज्ञात लोगों ने तेलंगाना के 26 वर्षीय एक विद्यार्थी की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। छात्र के परिजनों ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि के. रवि तेजा ‘एमएस’ पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद नौकरी तलाश रहा था और कनेक्टिकट में रह रहा था।

परिजनों के अनुसार परिवार का उसकी मौत की सूचना अमेरिका में रह रहे एक रिश्तेदार से मिली। परिजनों का कहना है कि यह घटना वाशिंगटन डीसी में हुई लेकिन उसकी मौत से जुड़ी परिस्थितियां अस्पष्ट हैं। उसके रिश्तेदार संतोष ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यहां एक निजी कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद एमएस करने के लिए तेजा 2022 में अमेरिका गया था और वह वहां अंशकालिक काम कर रहा था।

अमेरिका में रह रही तेजा की बहन उस अस्पताल पहुंच गई हैं जहां शव रखा गया है। तेजा के पिता चंद्रमौली ने अपने बेटे की मौत के बारे में जब संवाददाताओं को बताया कि उनका बेटा आठ महीने पहले ‘एमएस’ की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश कर रहा था और उसे उम्मीद थी कि इस साल मार्च में उसे नौकरी मिल जाएगी और नौकरी मिलने के बाद वह उनसे मिलने आता।

चंद्रमौली ने बताया कि उन्होंने तेजा से आखिरी बार 18 जनवरी की रात को बात की थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके बेटे ने उन्हें अमेरिका आने के लिए कहा था। चंद्रमौली ने कहा, ‘‘मैंने टैक्सी चलाकर उसे पढ़ाया-लिखाया। हमने अपनी थोड़ी सी जमीन बेचकर उसे अमेरिका भेजा। उसने मुझे समाज में एक स्तर पर पहुंचाया, लेकिन अब वह मुझे छोड़कर (दुनिया से) चला गया।’’

Advertisement

उन्होंने सरकार से तेजा का शव यथाशीघ्र स्वदेश लाने में मदद की अपील की। तेजा के पिता ने कहा, ‘‘मुझे पता चला है कि मेरे बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मुझे बताया गया है कि इसमें (शव लाने में) सात दिन लगेंगे। मेरी सरकार से अपील है कि जल्द से जल्द शव को वापस लाया जाए। मैं और कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं हूं। मैंने उसे जिंदा भेजा था लेकिन अब उसका शव आयेगा।’’

Advertisement

तेजा की मां की हालत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह परिवार की नींव की तरह हैं जो अब टूट चुकी है। उन्होंने कहा, ‘‘उनके बारे में क्या कहा जा सकता है।’’ यह परिवार मूलरूप से तेलंगाना के नालगोंडा जिले का है और हैदराबाद के चैतन्यपुरी में रहता है। नवंबर 2024 में, तेलंगाना के खम्मम जिले के 22 वर्षीय एक युवक की अमेरिका के एक पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। युवक के परिजनों ने बताया था कि वह पेट्रोल पंप पर काम करता था।

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड