तेलंगाना सरकार का लक्ष्य एक करोड़ महिला एसएचजी सदस्यों को करोड़पति बनाना : रेवंत रेड्डी
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने एक करोड़ महिला स्वयं सहायता समूह सदस्यों को 'करोड़पति' बनाने के अपनी सरकार के लक्ष्य पर प्रकाश डाला।
- भारत
- 1 min read

एक करोड़ महिला स्वयं सहायता समूह सदस्यों को 'करोड़पति' बनाने के अपनी सरकार के लक्ष्य पर प्रकाश डालते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को एक करोड़ महिलाओं के साथ एक विशाल सार्वजनिक बैठक आयोजित करने और इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित करने की योजना के बारे में बताया।
नारायणपेट जिले में एक पेट्रोल पंप के उद्घाटन के अवसर पर (जिसका प्रबंधन स्वयं सहायता समूहों के जिला स्तरीय महासंघ द्वारा किया जाएगा) उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राज्य में स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों की कुल संख्या एक करोड़ तक पहुंचनी चाहिए। वर्तमान में यह संख्या लगभग 67 लाख है।
उन्होंने कहा, "एक दिन (जब हमें अवसर मिलेगा) हम हैदराबाद में आउटर रिंग रोड (ओआरआर) पर एक करोड़ महिलाओं के साथ अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेंगे। अरुणम्मा (भाजपा लोकसभा सदस्य डी के अरुणा) के सहयोग से हम फिर प्रधानमंत्री को आमंत्रित करेंगे और धन की अपील करेंगे।"
उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकारों को 'लेन-देन' की भावना से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति को चुनाव के समय तक ही सीमित रखना चाहिए।