अपडेटेड 8 February 2026 at 12:08 IST
Surajkund Mela: सुनामी स्विंग झूला कैसे टूटा? अब SIT करेगी जांच; मदद करने गए जिस इंस्पेक्टर की हुई मौत, अगले महीने ही थी उनकी रिटायरमेंट
सूरजकुंड मेला में झूला टूटने से बड़ा हादसा हो गया। जिसमें इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई, उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना घायल लोगों की मदद की। वहीं, फरीदाबाद पुलिस ने वेंडर के खिलाफ केद दर्ज कर लिया है और मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। जानें सूरजकुंड मेले में ये हादसा कैसे हुआ?
- भारत
- 4 min read

Surajkund Mela Accident: फरीदाबाद के सूरजकुंड इंटरनेशनल क्राफ्ट मेला में शनिवार शाम दुखद हादसा हो गया। मेले में लगा सुनामी स्विंग झूला अचानक टूट गया, जिससे कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए, इस दौरान हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने बहादुरी दिखाते हुए कई लोगों की जान बचाई, इस दौरान वो भी गंभीर रूप से घायल हो गए और जब उन्हें अस्पताल लेकर जाया गया तो वहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
हरियाणा पुलिस के डीजीपी अजय सिंघल ने इंस्पेक्टर प्रसाद की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की जान बचाई। डीजीपी ने उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि और विभागीय लाभ देने की घोषणा की है। साथ ही, हरियाणा पुलिस परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
कैसे हुआ हादसा?
फरीदाबाद के सूरजकुंड में लोग मेले का आनंद ले रहे थे तभी सुनामी स्विंग झूला अचानक चलते-चलते टूट गया। मेला टूटते ही कोहराम मच गया, लोग चारों ओर भागने लगे। झूले में तकनीकी खराबी के चलते हुए इस हादसे के बाद से राहत-बचाव कार्य शुरू हो गया। इस घटना में घायल लोगों के देवदूत बनकर आए एसएचओ जगदीश प्रसाद। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालते हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने तुरंत साहस और तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश करते समय वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
कौन हैं इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद?
SHO जुगल किशोर मूल रूप से मथुरा के रहने वाले थे, उनका जन्म 5 मार्च 1968 को हुआ था, उन्हें 31 जनवरी 2026 को पलवल पुलिस लाइन से सूरजकुंड मेले की ड्यूटी पर तैनात किया गया था। विभाग में वे अपनी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के लिए जाने जाते थे। दुखद बात है कि अगले महीने ही जगदीश प्रसाद रिटायर होने वाले थे।
Advertisement
झूला टूटने से कुल 12 लोग घायल हुए हैं। हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि 8 घायलों को सुप्रीम अस्पताल और चार को नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां सभी की हालत अब खतरे से बाहर है। डीजीपी सिंघल ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
झूला संचालक के खिलाफ केस दर्ज
फरीदाबाद पुलिस ने इस मामले में झूला संचालक हिमाचल फन केयर के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर के खिलाफ धारा 105 बीएनएस (गैर इरादतन हत्या) के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया है, जिसकी कमान फरीदाबाद क्राइम ब्रांच के एसीपी वरुण दहिया को सौंपी गई है।
Advertisement
पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हादसे की जांच एडीसी की अध्यक्षता में भी की जाएगी। जिला प्रशासन फरीदाबाद और मेला अथॉरिटी ने बताया कि 39वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प महोत्सव का आयोजन रविवार को भी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। हालांकि, एहतियात के तौर पर झूला क्षेत्र को जांच पूरी होने तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि मेले के अन्य सांस्कृतिक, शिल्प, खान-पान और मनोरंजन कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित हैं और सुचारु रूप से चल रहे हैं।
3 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज- ACP दिनेश कुमार
ACP दिनेश कुमार ने बताया कि, कल शाम 6 बजे की घटना में एक इंस्पेक्टर की मौत और 2 महिला पुलिसकर्मी घायल हुईं हैं। बाकी जो लोग झूला झूल रहे थे वो सभी घायल है। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हिमाचल फन फेयर के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर और इनके पार्टनर बलजीत, तीसरा शख्स झूला ऑपरेटर है जिनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी मोहम्मद शाकिर हिमाचल सिरमौर जिला का रहने वाला है और बलजीत करनाल का रहने वाला है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 8 February 2026 at 12:08 IST