हाथों में पट्टी लगाए अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सुखबीर सिंह बादल, हमले पर बोले- ना डरा हूं ना डरूंगा, कुछ लोग साजिश के तहत पंजाब का माहौल... VIDEO
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद नांदेड़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा, 'मेरे ऊपर दो बार हमला हो चुका है, मगर हमलों से ना डरा हूं ना डरूंगा'।
- भारत
- 3 min read

शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित माता साहिब गुरुद्वारे में उन पर निहंग ने कृपाण से हमला किया था, जिसमें उनके हाथ में चोट आई थी। हमले के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद आज डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। अब इस हमले पर उनकी पहली प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने साफ कहा है कि 'मैं ना डरा हूं ना डरूंगा'।
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद नांदेड़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा, 'मुझ पर दो बार हमला किया जा चुका है और दोनों बार यह हमला पवित्र धार्मिक स्थलों पर हुआ। पहली बार स्वर्ण मंदिर में और दूसरी बार हजूर साहिब में हमला किया गया। दोनों बार मैं गुरुद्वारा में था तभी हमला हुआ, लेकिन मुझे कुछ नहीं हुआ, क्योंकि गुरूसाहब का आशीर्वाद है।'
मैं न तो कभी डरा हूं और ना डरूंगा-सुखबीर बादल
सुखबीर सिंह बादल ने आगे कहा, ”हमला करने वाले का मकसद पंजाब में हालात पर कब्जा करना और शांति भंग करना है, जिसे अकाली दल के अध्यक्ष के तौर पर मैं कभी नहीं होने दूंगा। मैं न तो कभी डरा हूं और न आगे डरूंगा। शिरोमणि अकाली दल पंजाब के भाईचारे और गौरव के लिए प्रतिबद्ध है। शिरोमणि अकाली दल कोई भी कुर्बानी दे सकता है, लेकिन पंजाब की तरक्की और सांप्रदायिक व धार्मिक सद्भाव हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेरे पिता इन ताकतों के सामने कभी नहीं झुके। वे सभी समुदायों को एकजुट रखने के लिए मजबूती से डटे रहे।”
हाथों में पट्टी लगाए अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सुखबीर सिंह बादल
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वो भारी सुरक्षा के बीच बाहर आए। उन हमला कृपाण से किया था, जिससे हाथ में गंभीर चोट आई है। वहीं, कंधे में भी हल्की चोट आई है। अस्पताल से निकलते समय उनके हाथ में पट्टी लगी थी। हमले में उनके सुरक्षा में तैनात पुलिककर्मी भी घायल हो गया है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
Advertisement
नांदेड़ पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
नांदेड़ पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि हमले के पीछे के असल मकसद और किसी संभावित बड़े षड्यंत्र का खुलासा किया जा सके। बता दें कि इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर के प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर में धार्मिक सेवा तनखैया दंड निभाते समय भी सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला हुआ था। उस समय पूर्व आतंकी नारायण सिंह चौरा ने उन पर गोली चलाने का प्रयास किया था, जिसे मुस्तैद लोगों ने समय रहते नाकाम कर दिया था।