अपडेटेड 5 January 2026 at 07:14 IST
Earthquake: सुबह-सुबह कांपी धरती, असम-त्रिपुरा में महसूस हुए भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर इतनी रही तीव्रता
Earthquake news: 5 जनवरी सुबह जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी असम के मोरीगांव में भूकंप के तेज झटके महसूस हुए। भूकंप सुबह 04:17 बजे आया। झटकों से लोग जाग गए और दहशत में घर से बाहर भागे।
- भारत
- 2 min read

Assam- Tripura Earthquake: सोमवार, 5 जनवरी को सुबह लोग जब अपने घरों में चैन से सो रहे थे, तब भूकंप के तेज झटकों से असम की धरती कांप उठी। असम में 5.1 तीव्रता का भूकंप आया है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक सुबह 4 बजकर 17 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस हुए, जिससे लोगों की नींद खुली और दहशत में लोग अपने घरों से बाहर निकले।
असम से पहले आज तड़के 3 बजकर 33 मिनट 32 सेकेंड पर त्रिपुरा में भूकंप के झटके आए। त्रिपुरा के गोमती में रिक्टर स्केल पर 3.9 तीव्रता का भूकंप आया।
पड़ोसी राज्य तक महसूस हुए झटके
NCS के अनुसार असम में आए भूकंप का केंद्र मोरीगांव जिले में करीब 50 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। झटके इतने तेज थे कि इसकी कंपन पड़ोसी राज्य मेघालय तक महसूस किए गए। मेघालय के शिलांग में लोगों को झटके महसूस हुए। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक इस भूकंप से अब तक किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
भूकंप के झटके तड़के 4 बजकर 17 मिनट पर महसूस हुए, जब लोग अपने घरों में चैन की नींद सो रहे थे। इन झटकों से गहरी नींद में सो रहे लोगों की नींद खुली और दहशत में लोग अपने घरों से बाहर भागने लगे।
Advertisement
फिलहाल स्थानीय प्रशासन ताजा हालातों पर नजर बनाकर रखे हुए हैं और संवेदनशील इलाकों से जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अलर्ट रहने और किसी भी अफवाह से बचने की अपील की है।
5 दिन पहले भी असम में आया था भूकंप
इससे पहले 2025 के आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर 2025 को भी असम समेत कई जगहों पर भूकंप आया था। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) की रिपोर्ट के अनुसार, असम के डिमा हसाओ इलाके में 31 दिसंबर रात लगभग 9 बजकर 4 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस हुए थे। इसकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.4 मापी गई थी और भूकंप का केंद्र सतह से सिर्फ 5 किलोमीटर नीचे था।
Advertisement
इसी दिन असम से पहले शाम 7:35 बजे केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख (लेह) में भी 3.7 तीव्रता का भूकंप आया, जो सतह से 10 किलोमीटर नीचे था।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 5 January 2026 at 06:39 IST