शेयर मार्केट में गंवाए पैसे तो झेल नहीं पाया झटका, पत्नी और दो बच्चो को जहर देकर मार डाला, खुद भी दे दी जान; सोलापुर में दिल दहलाने वाली घटना
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से एक अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक प्रधानाध्यापक ने शेयर बाजार में हुए भारी वित्तीय नुकसान के चलते अपने पूरे परिवार को खत्म करने जैसा खौफनाक कदम उठा लिया।
- भारत
- 2 min read

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले की बार्शी तहसील स्थित हत्तीस गांव से एक अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक शिक्षित और खुशहाल परिवार के मुखिया, जो खुद एक स्कूल में प्रधानाध्यापक थे, ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को जहर देकर खुद भी आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और हर कोई यह सोचने पर मजबूर है कि आखिर किन परिस्थितियों ने एक हसते-खेलते परिवार को खत्म करने पर मजबूर कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
मृतक प्रधानाध्यापक की पहचान योगेश बालासाहेब पाटील के रूप में हुई है। वे मूल रूप से नंदुरबार जिले के तालुका के चौगांव क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। योगेश अपने परिवार के साथ सोलापुर स्थित अपने पैतृक निवास पर आए हुए थे। परिवार में उनकी पत्नी माधुरी पाटील और दो छोटे बेटे अथर्व और सेवांश थे। गुरुवार की सुबह जब दूध वाला घर पर पहुंचा और काफी देर तक आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसे अनहोनी का संदेह हुआ।
पत्नी और बच्चे के शव घर में पड़े मिले
दूध वाले की सूचना पर पड़ोसी जमा हो गए और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर का मंजर रोंगटे खड़े कर देने वाला था। योगेश पाटील समेत उनकी पत्नी और दोनों बच्चों के शव घर में पड़े थे। सूचना मिलते ही बार्शी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर दिया। घटनास्थल पर पुलिस को 22 पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है।
शेयर बाजार में भारी नुकसान की आशंका
प्रारंभिक जांच और सुसाइड नोट के आधार पर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि योगेश पाटील पिछले कुछ समय से गंभीर आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि शेयर बाजार में भारी नुकसान होने के कारण वे बुरी तरह टूट चुके थे और कर्ज के बोझ तले दबे हुए थे। हालांकि, पुलिस ने अभी सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन यह सुराग घटना के पीछे की मुख्य वजह की ओर इशारा कर रहा है।
Advertisement
पुलिस की जांच जारी
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के कारणों का पता चल सके।
ये भी पढ़ें - VIRAL VIDEO: कुत्ते से बचने के लिए बेतहाशा भागा युवक, तभी दूसरी तरफ से आ रहे पिकअप ने कुचला, बीच सड़क पर मौत