अपडेटेड 5 November 2024 at 21:48 IST

Sharda Sinha Health: AIIMS में भर्ती शारदा सिन्हा की हालत नाजुक, PM मोदी ने ली स्वास्थ्य की जानकारी

पद्म भूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा को उनके भोजपुरी, मैथिली और मगही लोक गीतों के लिए जाना जाता है। वह मल्टीपल मायलोमा (एक प्रकार का रक्त कैंसर) के कारण उत्पन्न स्वास्थ्य जटिलताओं के बाद वेंटिलेटर पर हैं।

Follow : Google News Icon  
A file photo of Sharda Sinha.
शारदा सिन्हा की हालत नाजुक | Image: Sharda Sinha/Instagram

Sharda Sinha Health Update: प्रख्यात लोक गायिका शारदा सिन्हा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में वेंटिलेटर पर हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। शारदा सिन्हा पिछले कुछ दिनों से एम्स में भर्ती हैं। यह जानकारी शारदा सिन्हा के पुत्र ने मंगलवार को दी।

एम्स ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिन्हा की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

वेंटिलेटर पर हैं शारदा सिन्हा

सिन्हा (72) एक भारतीय लोक और शास्त्रीय गायिका हैं, जो बिहार से ताल्लुक रखती हैं। पद्म भूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा को उनके भोजपुरी, मैथिली और मगही लोक गीतों के लिए जाना जाता है। सिन्हा, मल्टीपल मायलोमा (एक प्रकार का रक्त कैंसर) के कारण उत्पन्न स्वास्थ्य जटिलताओं के बाद वेंटिलेटर पर हैं।

लोकगायिका सिन्हा को पिछले महीने एम्स के कैंसर संस्थान, इंस्टीट्यूट रोटरी कैंसर हॉस्पिटल (आईआरसीएच) की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया था। सिन्हा के पुत्र अंशुमान सिंह ने कहा कि उनकी मां ‘‘अपने जीवन के लिए संघर्ष कर रही हैं।’’

Advertisement

सिंह ने मंगलवार को सिन्हा के यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक लाइव वीडियो में कहा, ‘‘उनकी (शारदा सिनहा) हालत गंभीर है। डॉक्टर चिंतित हैं क्योंकि मेरी मां अभी भी वेंटिलेटर पर हैं। सोशल मीडिया पर उनकी मौत की फर्जी खबरें चल रही हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘डॉक्टर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं। हम प्रार्थना करते हैं कि वह इससे बाहर आ जाएं। यह एक कठिन समय है, कृपया हमारे लिए प्रार्थना करें।’’

AIIMS दिल्ली ने भी जारी किया बयान 

एम्स-दिल्ली ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रख्यात लोक गायिका शारदा सिन्हा को इलाज के लिए एम्स, नयी दिल्ली में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं और इलाज करने वाले डॉक्टरों के सीधे संपर्क में हैं। उन्होंने इलाज करने वाली टीम के माध्यम से उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।’’

Advertisement

गिरिराज सिंह पहुंचे एम्स

बाद में, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एम्स में भर्ती सिन्हा को देखने पहुंचे और उनके परिवार के सदस्यों से उनका कुशल क्षेम जाना। बिहार के बेगूसराय से लोकसभा सदस्य सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शारदा सिन्हा जी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए एम्स दिल्ली पहुंचा और उनके परिवार के सदस्यों और डॉक्टरों से मुलाकात की। मैं महादेव से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’

अस्पताल जाने पहले सिंह ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा था, ‘‘छठ का महापर्व है और हर घर-हर घाट पर शारदा सिन्हा का मधुर स्वर गूंज रहा है, लेकिन मन द्रवित है, क्योंकि वही स्वर आज वेंटीलेटर पर संघर्ष कर रहा है। उनका गीत हमारी आस्था का हिस्सा है, उनकी आवाज में छठ की पवित्रता और समर्पण का भाव समाया है। प्रार्थना करते हैं कि हमारी छठी मैया उन्हें जल्दी स्वस्थ करें।’’

सिंह ने इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया जिसमें शारदा सिन्हा बिस्तर पर लेटी और जिंदगी के लिए संघर्ष करती दिख रही हैं। 

चिराग पासवान भी पहुंचे अस्पताल

सोमवार शाम को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री और हाजीपुर से लोकसभा सदस्य चिराग पासवान भी अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली । ‘बिहार कोकिला’ के नाम से मशहूर एवं सुपौल में जन्मीं सिन्हा छठ पूजा एवं विवाह जैसे अवसरों पर गाए जाने वाले लोकगीतों के कारण अपने गृह राज्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मशहूर हैं।

सिन्हा ने इसके अलावा बॉलीवुड की फिल्मों में भी गाना गया है। इनमें ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर- टू’ के ‘तार बिजली’, ‘हम आपके हैं कौन’ के ‘बाबुल’ और ‘मैंने प्यार किया’ के ‘कहे तो से सजना’ जैसे गाने शामिल हैं।

सिन्हा के कुछ लोकप्रिय गीतों में 'छठी मैया आई ना दुआरिया', 'कार्तिक मास इजोरिया', 'द्वार छेकाई', 'पटना से', और 'कोयल बिन'।

यह भी पढ़ें: 'डर-खुशी, उत्साह और...' पहली बार Akshara Singh कर रही हैं छठ पूजा व्रत, बताया दिल का हाल

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 5 November 2024 at 21:48 IST