VIDEO: मुंह पर नकाब, हाथों में पत्थर और ताबड़तोड़ हमले... संभल को सुलगाने की साजिश करने वाले कौन?

संभल में दंगे के दौरान की कई वीडियो सामने आई हैं, जो जामा मस्जिद के आसपास की थीं। वीडियो में देखा गया है कि नकाबपोश लोगों की भीड़ बवाल काट रही थी।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
sambhal jama masjid violence
संभल जामा मस्जिद को लेकर हिंसा की तस्वीरें सामने आईं। | Image: R Bharat

Sambhal News: अनगिनत लोगों की भीड़, मुंह पर बंधे हुए नकाब और हाथों में पत्थर, ये सब पिछले दिन संभल की जामा मस्जिद के करीब का हाल था। संभल की मस्जिद से शांति की अपील की जा रही थी। लोगों को वापस घर लौटने का संदेश दिया जा रहा था, लेकिन उग्र भीड़ के इरादे कुछ और ही थे। संभल में रविवार को हुई हिंसा की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जो उग्र भीड़ के इरादों को बता रही हैं।

संभल में आशंका पहले से थी कि मस्जिद के सर्वे के दौरान कुछ बवाल हो सकता है। इसीलिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की वहां तैनाती की गई। आसपास का इलाका सील था। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही थीं। ड्रोन के जरिए इलाके की स्थिति पर नजर थी। रविवार की सुबह जैसे ही सर्वे टीम जामा मस्जिद पहुंची और अपना काम शुरू किया, भीड़ की आड़ में कुछ अराजक तत्व भी अपने मंसूबों को पूरा करने में लग गए। इसकी गवाह मस्जिद के ऊपर से ली गई तस्वीरें हैं।

संभल हिंसा की डराने वाली तस्वीरें!

संभल में दंगे के दौरान की कई वीडियो सामने आई हैं, जो जामा मस्जिद के आसपास की थीं। वीडियो में देखा गया है कि नकाबपोश लोगों की भीड़ बवाल काट रही थी। लोगों के हाथों में पत्थर थे। रास्ते में एक सफेद रंग की गाड़ी खड़ी थी, जिसे कुछ लोग तोड़ने में लगे थे। गाड़ी पर पत्थर बरसाए जा रहे थे। मस्जिद पर मौजूद लोग, जो वीडियो बना रहे थे, अराजक तत्वों ने उनकी ओर भी पत्थर फेंके।

वीडियो में सुना गया कि मस्जिद से ऐलान हो रहा है कि खूबसूरती के साथ सर्वे पूरा हो चुका है। सर्वे टीम वापस जा रही है। लोग किसी तरह से परेशान ना हों। आप लोग वापस चले जाइए। मस्जिद से लाउडस्पीकर के जरिए होते ऐलान के बावजूद भीड़ को बवाल काटते हुए देखा गया। बेकाबू भीड़ पथराव रोक नहीं रही थी।

Advertisement

संभल दंगे में अब तक 4 लोग बेमौत मरे

संभल में हुए दंगे में अब तक 4 लोग बेमौत मर चुके हैं और 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। घायलों में पुलिसकर्मी भी हैं। संभल SP कृष्ण कुमार बताते हैं कि घटना में 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) संजीव कुमार के पैर में गोली लगी है, जबकि उप जिलाधिकारी रमेश चंद्र के पैर की हड्डी टूट गई है। संभल के पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार को भी छर्रे लगे हैं।

फिलहाल संभल पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। संभल के सपा सांसद जिया उर रहमान समेत कई लोगों पर 800 लोगों पर FIR हुई है। संभल SP कृष्ण कुमार बताते हैं कि सब-इंस्पेक्टर दीपक राठी जो कल घायल हो गए थे, उन्होंने 800 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिया उर रहमान बर्क और सोहेल इकबाल को आरोपी बनाया गया है। इन पर भीड़ को उकसाने का आरोप है। जिया उर रहमान बर्क को पहले भी नोटिस दिया गया था। उन्होंने पहले भी भड़काऊ भाषण दिए थे और उन्हें ऐसा करने के लिए मना किया गया था। एसपी कृष्ण कुमार बताते हैं कि अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

यह भी पढ़ें: मस्जिद के नजदीक घरों से लोग भागे, लटके ताले...संभल हिंसा के पीछे कौन?

Published By:
 Dalchand Kumar
पब्लिश्ड