अपडेटेड 8 March 2025 at 16:16 IST
संभल के होली विवाद में कूदे अखिलेश तो केशव प्रसाद मौर्य की भी हुई एंट्री; सपा प्रमुख से कहा- आप ईद मिलन करिए
केशव प्रसाद मौर्य संभल के सीओ अनुज चौधरी के बयान के पक्ष खड़े दिखे हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने पुलिस अधिकारी के बयान को सही बताया और अखिलेश यादव को भी जवाब दिया।
- भारत
- 3 min read

Sambhal Holi : उत्तर प्रदेश के संभल का नाता लगातार विवादों से जुड़ रहा है। संभल में हालिया विवाद होली और रजमान को लेकर है, क्योंकि 14 मार्च को होली का त्योहार और उसी दिन रमजान के महीने में शुक्रवार की नमाज पड़ रही है। होली का त्योहार साल में एक बार आता है और ऐसे में संभल के एक अधिकारी ने इसके पक्ष में बयान दिया है, लेकिन होली को लेकर संभल के पुलिस अधिकारी का बयान कुछ विरोधी दलों के नेताओं को अच्छा नहीं लगा है। इन नेताओं में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल हैं, जिन्होंने अधिकारी की टिप्पणी को लेकर सवाल खड़े किए। फिलहाल अखिलेश के विरोध पर बीजेपी की तरफ से भी जवाब आ गया है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य संभल के सीओ अनुज चौधरी के बयान के पक्ष खड़े दिखे हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने पुलिस अधिकारी के बयान को सही बताया और अखिलेश यादव को भी जवाब दिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा- 'कोई सही बात कहता है तो समाजवादी पार्टी को मिर्ची लगती है। अखिलेश यादव ईद मिलन करें, हम होली मिलन करेंगे।' केशव प्रसाद मौर्य ने यहां तक दावा कर दिया है कि 2047 तक समाजवादी पार्टी की सत्ता का कोई चांस नहीं है।
अखिलेश यादव ने संभल के विवाद पर क्या कहा?
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, 'जिन अधिकारियों को होली और ईद के गले मिलने में एकरूपता देखनी चाहिए अगर वो ही नकारात्मक बात करेंगे तो भेदकारी बीजेपी के राज में सौहार्द की रक्षा कैसे होगी।' इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने भी संभल CO के बयान पर हमला बोला। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 'अनुज कुमार चौधरी ने ही दंगा भड़काया था। ये वही CO था, जो गोली चलाने का आदेश दे रहा था। इससे आप क्या उम्मीद कर सकते हैं? ये कभी सही बात नहीं करता। जब सिस्टम बदलेगा तो ऐसे लोग जेल में ही रहेंगे।'
होली पर संभल के CO का बयान क्यों चर्चा में आया?
होली त्योहार के मद्देनजर गुरुवार को संभल कोतवाली पुलिस स्टेशन में शांति समिति की बैठक हुई थी। संभल के सर्कल अधिकारी (सीओ) अनुज कुमार चौधरी ने कहा कि चूंकि होली साल में एक बार आती है और साल में 52 जुम्मा (शुक्रवार) होते हैं, इसलिए मुस्लिम समुदाय के लोगों से अनुरोध किया गया है कि अगर वो रंग लगाना बर्दाश्त नहीं कर सकते तो वो घर के अंदर रहें।
Advertisement
अनुज कुमार चौधरी ने बयान दिया, 'हमने मुस्लिम समुदाय से अनुरोध किया है कि अगर उन्हें रंग लगना पसंद नहीं है तो वो होली वाले स्थान पर न आएं। साल में 52 जुम्मा (शुक्रवार) होते हैं, लेकिन होली के लिए सिर्फ एक दिन होता है। हिंदू पूरे साल होली का इंतजार करते हैं, जैसे मुसलमान ईद का इंतजार करते हैं। हमने सीधा संदेश दिया है कि जब लोग होली खेलें और अगर वो (मुस्लिम) नहीं चाहते कि उन पर रंग पड़े तो उन्हें घर पर ही रहना चाहिए। और अगर वो घर से बाहर जाना चाहते हैं तो उन्हें इतना बड़ा दिल रखना चाहिए कि अगर उन पर रंग पड़ जाए तो वो आपत्ति न करें।' अधिकारी ने ये भी कहा था कि हिंदू और मुस्लिम दोनों ही अपने-अपने तरीके से त्योहार मनाएंगे।
Advertisement
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 8 March 2025 at 16:16 IST