6 महीने पहले मुंबई आया था मोहम्मद शहजाद, भारतीय दस्तावेज भी नहीं... सैफ के हमलावर को लेकर मुंबई पुलिस ने किए कई बड़े खुलासे
Saif Ali Khan Attacker Arrested: आरोपी मोहम्मद शहजाद किस मकसद से घर में घुसा? क्या उसका बांग्लादेशी कनेक्शन है? जैसे कई सवालों के जवाब मुंबई पुलिस ने दिए हैं।
- भारत
- 3 min read

Saif Ali Khan Attacker Arrested: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को पुलिस ने धर दबोचा है। सैफ पर हमले के लगभग 74 घंटे बाद मुंबई पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी। अब आरोपी को दबोचने के बाद पुलिस ने कई बड़े खुलासे किए हैं जिसमें मोहम्मद शहजाद किस मकसद से घर में घुसा? क्या उसका बांग्लादेशी कनेक्शन है? जैसे कई सवालों के जवाब दिए गए हैं।
मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर चाकू से हुए हमले के मामले में आज सुबह 9 बजे के आस-पास प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि 16 जनवरी को रात 2 बजे एक्टर सैफ अली खान पर उनके घर में घुस कर हमला हुआ। इसे लेकर बांद्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है जो 30 साल का है।
आरोपी के बांग्लादेशी होने का शक- मुंबई पुलिस
डीसीपी दीक्षित गेडाम के अनुसार, 'आरोपी चोरी के इरादे से सैफ अली खान के घर में घुसा था। उसे अदालत में पेश किया जाएगा और हिरासत की मांग की जाएगी। हमें शक है कि वह बांग्लादेशी मूल का है, लेकिन फिलहाल हम जांच कर रहे हैं। इस बात का प्राथमिक प्रमाण है कि वह बांग्लादेशी है। उसके पास भारतीय दस्तावेज नहीं है। हमें संदेह है कि आरोपी बांग्लादेशी मूल का है इसलिए मामले में पासपोर्ट अधिनियम से संबंधित धाराएं जोड़ी गई हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी। उसके बाद आगे की जांच की जाएगी।
हाउसकीपिंग एजेंसी में करता था काम
मुंबई पुलिस के जोन 9 के DCP दीक्षित गेडाम ने आगे कहा, 'प्रथम दृष्टया आरोपी बांग्लादेशी है और अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के बाद उसने अपना नाम बदल लिया। वह अपने वर्तमान नाम विजय दास का उपयोग कर रहा था। वह 5-6 महीने पहले मुंबई ही आया था। आरोपी कुछ दिनों तक मुंबई और फिर मुंबई के आसपास ही एक हाउसकीपिंग एजेंसी में काम करता था।'
Advertisement
रविवार तड़के ठाणे से दबोचा गया आरोपी
बता दें कि बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमला करने के आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को रविवार तड़के ठाणे के जंगल से गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी जंगल में छिपकर बैठा था। मामले में अब तक 50 से ज्यादा लोग पुलिस की रडार पर आ चुके हैं। वहीं आरोपी को धरने के लिए लगभग 35 टीमें लगाई गई थीं।
क्या है पूरा मामला?
सैफ अली खान पर बांद्रा के ‘सतगुरु शरण’ बिल्डिंग की 12वीं मंजिल पर स्थित उनके घर में गुरुवार, 16 जनवरी की देर रात हमलावर ने कई बार चाकू से वार किया था। इसके बाद सैफ की सर्जरी करने वाले डॉक्टरों ने उनकी रीढ़ से टूटे हुए चाकू का 2.5 इंच का टुकड़ा निकाला था। डॉक्टरों का कहना था कि अगर ये टुकड़ा एक मिलीमीटर और अंदर घुस जाता तो सैफ अली खान की जान को खतरा हो सकता था।