LIVE BLOG

Putin India Visit : दो दिनों की भारत यात्रा पूरी कर रूस के लिए रवाना हुए प्रेसिडेंट पुतिन, जानें कैसा रहा दौरा, भारत को क्या मिला?

Vladimir Putin India Visit Day 2 Live Updates: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे का आज दूसरा और अंतिम दिन था। अब वे इस यात्रा को पूरी कर रूस के लिए रवाना हो गए हैं। गुरुवार, 4 दिसंबर शाम पुतिन दिल्ली पहुंचे थे, जहां एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने उनका स्वागत किया था।

Follow : Google News Icon  
Vladimir Putin India Visit
रूस के राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी | Image: MFA Russia/X/Republic

Vladimir Putin India Visit: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे का आज दूसरा और अंतिम दिन था। अब वे इस यात्रा को पूरी कर रूस के लिए रवाना हो गए हैं। गुरुवार, 4 दिसंबर शाम पुतिन दिल्ली पहुंचे थे, जहां एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने उनका स्वागत किया था। प्रधानमंत्री मोदी उन्हें रिसीव करने खुद पालम एयरपोर्ट पहुंचे थे। दोनों नेता एक ही कार में साथ बैठकर पीएम आवास (7 लोक कल्याण मार्ग) तक आए। पीएम मोदी ने अपने दोस्त के सम्मान में अनौपचारिक डिनर का आयोजन किया था। 

यात्रा के दूसरे दिन राष्ट्रपति पुतिन को राष्ट्रपति भवन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी और पुतिन ने हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की। रूसी राष्ट्रपति के इस दौरे के दौरान दोनों देशों में कई डील हुईं। अपनी यात्रा के आखिरी पड़ाव में रूसी प्रेसिडेंट राष्ट्रपति भवन में प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शानदार भोज का हिस्सा बन रूस के लिए रवाना हो गए। 


PM Modi President Meeting: रूसी प्रेसिडेंट पुतिन की 5 बड़ी बातें

  1. रूसी प्रेसिडेंट पुतिन ने कहा, "रूस तेल, गैस, कोयला और भारत की एनर्जी के विकास के लिए जरूरी हर चीज का एक भरोसेमंद सप्लायर है। हम तेजी से बढ़ती भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए तेल की बिना रुकावट शिपमेंट जारी रखने के लिए तैयार हैं।" उन्होंने बताया कि नए अंतरराष्ट्रीय ट्रांसपोर्ट रूट बना रहे हैं। बेलारुस से सामान सीधे हिंद महासागर पहुंचेगा।
  2. राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, “हमारा देश पिछली आधी सदी से भारतीय सेना को सशस्त्र और आधुनिक बनाने में मदद कर रहा है, जिसमें वायु रक्षा बल, विमानन और नौसेना शामिल हैं। कुल मिलाकर, हम अभी हुई बातचीत के परिणामों से निस्संदेह संतुष्ट हैं। मैं विश्वास व्यक्त कर सकता हूं कि वर्तमान यात्रा और हुए समझौते हमारे देशों और लोगों, भारत और रूस के लोगों के लाभ के लिए रूसी-भारतीय रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने में मदद करेंगे।”
  3. व्लादिमीर पुतिन ने बताया कि भारत-रूस का बिजनेस एक साल में 12 फीसदी बढ़ा है। दोनों देशों के बीच 60 अरब डॉलर का व्यापार हो रहा है, जिसे अब 100 अरब डॉलर करने का टारगेट है। 
  4. प्रेसिडेंट पुतिन ने बताया कि रूस और भारत मिलकर भारत में सबसे बड़ा न्यूक्लियर पावर प्लांट बना रहे हैं। 
  5. राष्ट्रपति पुतिन ने बताया कि भारत में रूस टुडे (RT) चैनल लॉन्च किया जाएगा। (नोट: भारत में पुतिन ने इस चैनल का आज शुभारंभ कर दिया है।)
     

PM Modi President Meeting: पीएम मोदी की 5 बड़ी बातें

  1. पीएम मोदी ने कहा, “मुझे खुशी है कि शीघ्र ही हम रूसी नागरिकों के लिए निशुल्क 30 day e-tourist visa और 30-day Group Tourist Visa की शुरुआत करने जा रहे हैं।”
  2. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में हमारी मित्रता हमें global challenges का सामना करने की शक्ति देगी — और यही भरोसा हमारे साझा भविष्य को और समृद्ध करेगा" उन्होंने बताया कि रूस में भारत के दो नए वाणिज्य दूतावास (कांसुलेट) खोले गए हैं।
  3. पीएम मोदी बोले, “अब हम भारत के seafarers की polar waters में ट्रेनिंग के लिए सहयोग करेंगे। यह आर्कटिक में हमारे सहयोग को नई ताकत तो देगा ही, साथ ही इससे भारत के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे”
  4. प्रधानमंत्री ने कहा, “Shipbuilding में हमारा गहरा सहयोग Make in India को सशक्त बनाने का सामर्थ्य रखता है। यह हमारे win-win सहयोग का एक और उत्तम उदाहरण है, जिससे jobs, skills और regional connectivity – सभी को बल मिलेगा”
  5. पीएम मोदी ने कहा, “ऊर्जा सुरक्षा भारत–रूस साझेदारी का मजबूत और महत्वपूर्ण स्तंभ रहा है। Civil Nuclear Energy के क्षेत्र में हमारा दशकों पुराना सहयोग, Clean Energy की हमारी साझा प्राथमिकताओं को सार्थक बनाने में महत्वपूर्ण रहा है। हम इस win-win सहयोग को जारी रखेंगे।”

Advertisement

भारत का 2 दिवसीय दौरा कर रूस के लिए रवाना हुए पुतिन

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत का अपना 2 दिन का राजकीय दौरा संपन्न करने के बाद दिल्ली से रूस के लिए रवाना हो गए। उन्हें विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने एयरपोर्ट पहुंचकर विदा किया।
 


पुतिन का स्वागत और भोज का आयोजन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत किया और उनके सम्मान में एक भोज का आयोजन किया। दोनों नेताओं ने भरोसा जताया कि भारत और रूस के बीच कई सालों की पक्की दोस्ती आने वाले कई सालों में और मजबूत होती रहेगी।
 


Advertisement

राष्ट्रपति मुर्मु ने पुतिन का किया स्वागत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत किया। राष्ट्रपति पुतिन उनके सम्मान में आयोजित भोज में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे हैं।
 


रूस के साथ संबंधों का अपना महत्व - सलमान खुर्शीद

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे पर कहा, "ये महत्वपूर्ण दौरा है। सभी देशों के साथ हमें संबंध मजबूत करने हैं। रूस के साथ संबंधों का अपना महत्व है। राष्ट्रपति पुतिन ने यहां आकर एक पहल की है, इसका हम स्वागत करते हैं।"
 


दोनों देशों के संबंध और भी बेहतर बनाने का प्रयास- केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे पर कहा, "बहुत सारे विषयों पर चर्चा हुई है। अनेक मुद्दों पर बेहतरीन निर्णय हुए हैं जिससे भारत और रूस दोनों को काफी फायदा है। दोनों देशों के संबंध और भी बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।"
 


प्रेसिडेंट पुतिन के सम्मान में भोज

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ITC मौर्य होटल से राष्ट्रपति भवन के लिए निकल गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज उनके सम्मान में एक भोज का आयोजन कर रही हैं।
 


शिक्षा, कौशल विकास और प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में भी अपार संभावनाएं- प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर आगे लिखा, "भारत-रूस मैत्री का एक प्रमुख हिस्सा हमारे सांस्कृतिक और जन-जन संबंध हैं। रूस में दो नए भारतीय वाणिज्य दूतावासों के खुलने और हाल ही में पवित्र बौद्ध अवशेषों के रूस भेजे जाने से यह और भी मजबूत हुआ है। शिक्षा, कौशल विकास और प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में भी अपार संभावनाएं हैं।"
 


कनेक्टिविटी में सुधार, जहाज निर्माण और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी दी और कहा "आज का 23वां भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन भारत-रूस सहयोग के विविध पहलुओं पर व्यापक चर्चा का एक अवसर था। हमने अपने व्यापार और निवेश संबंधों में विविधता लाने के लिए 2030 तक एक आर्थिक सहयोग कार्यक्रम पर सहमति व्यक्त की है। हमने कनेक्टिविटी में सुधार, जहाज निर्माण, कौशल, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की।"
 


द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर खुलकर बातचीत हुई- विदेश सचिव

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दौरे पर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, "...एक बहुत ही खास अंदाज में, कल शाम एयरपोर्ट पर पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने खुद राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता एक साथ प्रधानमंत्री के सरकारी आवास गए, जहां प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन के लिए एक इनफॉर्मल डिनर होस्ट किया, इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर खुलकर बातचीत हुई।"


दुनियाभर के दूसरे रीजनल हॉटस्पॉट की स्थिति पर भी बात

दिल्ली में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दौरे पर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, "दोनों नेताओं ने दुनियाभर के दूसरे रीजनल हॉटस्पॉट की स्थिति पर भी बात की। आतंकवाद पर दोनों नेताओं ने आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ मिलकर लड़ने का अपना इरादा दोहराया। प्रधानमंत्री ने आतंकवाद पर भारत के ज़ीरो-टॉलरेंस रुख को दोहराया और राष्ट्रपति पुतिन ने इस कोशिश में भारत के लिए रूस के समर्थन को दोहराया।"
 


रूस एडवांस्ड मटीरियल्स का एक बड़ा प्रोड्यूसर- प्रधानमंत्री मोदी

भारत-रूस बिजनेस फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत आज सस्ते, कुशल EVs, टू-व्हीलर्स और CNG मोबिलिटी सॉल्यूशंस में आज ग्लोबल लीडर है। रूस एडवांस्ड मटीरियल्स का एक बड़ा प्रोड्यूसर है। हम साथ मिलकर EV मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स और मोबिलिटी टेक में साझेदारी कर सकते हैं। इससे हम न केवल अपनी जरूरतों को पूरी कर सकेंगे बल्कि ग्लोबल साउथ, विशेषकर अफ्रीका के विकास में भी योगदान दे सकते हैं।
 


सिविल-न्यूक्लियर सेक्टर में भी नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे- पीएम मोदी

भारत-रूस बिजनेस फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "डिफेंस और स्पेस को प्राइवेट सेक्टर के लिए खोल दिया गया है। इससे इन सेक्टर में नए मौके बने हैं। अब हम सिविल-न्यूक्लियर सेक्टर में भी नई संभावनाओं के द्वार खोलने जा रहे हैं। यह सिर्फ एडमिनिस्ट्रेटिव रिफॉर्म नहीं है, बल्कि माइंडसेट रिफॉर्म है। इन रिफॉर्म के पीछे एक ही संकल्प है- विकसित भारत"
 


AI समिट में हिस्सा लेने में दिलचस्पी- पुतिन

भारत-रूस बिजनेस फोरम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "रूस फरवरी 2026 में भारत में होने वाले AI समिट में हिस्सा लेने में दिलचस्पी रखता है।"
 


2030 तक द्विपक्षीय व्यापार 100 बिलियन डॉलर पार करने का टारगेट - पीएम मोदी

भारत-रूस बिज़नेस फोरम में PM मोदी ने कहा, "राष्ट्रपति पुतिन और मैंने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार के लिए 100 बिलियन डॉलर के टारगेट को पार करने का टारगेट रखा है। लेकिन कल से राष्ट्रपति पुतिन के साथ मेरी बातचीत और जो संभावना हम देख रहे हैं, मुझे नहीं लगता कि हमें 2030 तक इंतजार करना होगा। हम उस गोल को तय समय से पहले पूरा करने के इरादे के साथ आगे बढ़ रहे हैं, और मेरा आत्मविश्वास बढ़ रहा है। टैरिफ और नॉन-टैरिफ बाधाएं कम की जा रही हैं।"


भारत और यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन के बीच FTA पर बातचीत शुरू - पीएम मोदी

इंडिया-रूस बिजनेस फोरम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,"भारत और यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन के बीच FTA पर बातचीत शुरू हो गई है। चाहे बिजनेस हो या डिप्लोमेसी, किसी भी साझेदारी की नींव आपसी विश्वास है। यही विश्वास भारत-रूस संबंधों की सबसे बड़ी ताकत है।"
 


भारत के IT और फार्मा सेक्टर दुनिया में प्रमुख स्थान पर - पुतिन

इंडिया-रूस बिजनेस फोरम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि PM मोदी के नेतृत्व में भारत एक स्वतंत्र और संप्रभु नीति पर चल रहा है और साथ ही बहुत अच्छे रिजल्ट भी पा रहा है। आज, भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। PM मोदी की अच्छी आर्थिक नीति और मेक इन इंडिया प्रोग्राम जैसे बड़े ऐतिहासिक पहल की वजह से, इंडिया टेक्नोलॉजी के मामले में संप्रभु बन रहा है। भारत के IT और फार्मा सेक्टर दुनिया में प्रमुख स्थान पर हैं।"


यही वजह है कि हमने यह फोरम बुलाया - पुतिन

इंडिया-रूस बिजनेस फोरम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने हमारी प्राइवेट बातचीत में कई मौकों पर इस बात पर जोर दिया कि भारत के पास कई क्षेत्रों में बड़े और बढ़ते हुए मौके हैं, लेकिन अब तक उनका उतना इस्तेमाल नहीं हुआ है जितना दोनों देश चाहते हैं। यही वजह है कि हमने यह फोरम बुलाया।"
 


कम समय में बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं- पीएम मोदी

भारत-रूस बिजनेस फोरम में पीएम मोदी ने कहा कि हम कम समय में बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
 


हम चाहते हैं कि अलग-अलग क्षेत्र में हमारे कई तरह के रिश्ते बनें - प्रेसिडेंट पुतिन

आज 5 दिसंबर को इस शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद पुतिन प्रधानमंत्री मोदी के साथ भारत-रूस बिजनेस फोरम में शामिल हुए। नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुए इस बैठक में प्रेसिडेंट पुतिन ने कहा, "रूसी प्रतिनिधि मंडल सिर्फ एनर्जी के मामलों पर बात करने और तेल और गैस की सप्लाई के लिए कॉन्ट्रैक्ट साइन करने नहीं आया था। हम चाहते हैं कि भारत के साथ अलग-अलग क्षेत्र में हमारे कई तरह के रिश्ते बनें।"


भारत के साथ हमारा ऊर्जा सहयोग वर्तमान राजनीतिक बदलावों से अप्रभावित - पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "भारत के साथ हमारा ऊर्जा सहयोग वर्तमान राजनीतिक बदलावों से अप्रभावित बना हुआ है। पेट्रोलियम उत्पादों का व्यापार और भारतीय उपभोक्ताओं के लिए रूसी तेल का शोधन (refining) पूरी तरह से स्थिर और पूर्वानुमानित तरीके से आगे बढ़ रहा है।"
 


पेमेंट सेटलमेंट के लिए नेशनल करेंसी का इस्तेमाल- पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "हमारे देश धीरे-धीरे पेमेंट सेटलमेंट के लिए नेशनल करेंसी के इस्तेमाल की तरफ बढ़ रहे हैं..."
 


आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा प्रहार है - प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई और पहलगाम हमले के अलावा क्रोकस सिटी हॉल पर हुए हमले पर भी अपनी बात कही। उन्होंने कहा, " आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में भारत और रूस ने लंबे समय से कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया है। पहलगाम में हुआ आतंकी हमला हो या क्रोकस सिटी हॉल पर किया गया कायरतापूर्ण आघात, इन सभी घटनाओं की जड़ एक ही है। भारत का अटल विश्वास है कि आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा प्रहार है और इसके विरुद्ध वैश्विक एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।"
 


यूक्रेन के संबंध में भारत ने शुरुआत से शांति का पक्ष रखा - पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज हमने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की। यूक्रेन के संबंध में भारत ने शुरुआत से शांति का पक्ष रखा है। हम इस विषय के शांतिपूर्ण और स्थाई समाधान के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों का स्वागत करते हैं। भारत सदैव अपना योगदान देने के लिए तैयार रहा है और आगे भी रहेगा।"
 


मेहमाननवाजी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद- पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "मैं भारत की प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मू, भारत के प्राइम मिनिस्टर और हमारे सभी भारतीय साथियों को रूसी डेलीगेशन के गर्मजोशी और मेहमाननवाज़ी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद देता हूं...मैं कल अपने घर पर डिनर के लिए PM मोदी को धन्यवाद देता हूं।"


पुतिन की लीडरशिप ने हमारे रिश्तों को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाया- PM मोदी

द्विपक्षीय बैठक के बाद PM नरेंद्र मोदी ने कहा, "पंद्रह साल पहले, 2010 में हमारी पार्टनरशिप को स्पेशल प्रिविलेज्ड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया गया था। पिछले ढाई दशकों से, उन्होंने (राष्ट्रपति पुतिन) अपनी लीडरशिप और विजन से इस रिश्ते को आगे बढ़ाया है। हर हाल में उनकी लीडरशिप ने हमारे रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। मैं अपने दोस्त, राष्ट्रपति पुतिन का इस गहरी दोस्ती और भारत के प्रति पक्के कमिटमेंट के लिए दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।"


मीटिंग में क्या बोले पुतिन?

PM नरेंद्र मोदी के साथ अपनी मीटिंग में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "पिछले कुछ सालों में, आपने हमारे रिश्ते को बेहतर बनाने के लिए बहुत काम किया है...हम हाई-टेक एयरक्राफ्ट, स्पेस एक्सप्लोरेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समेत सहयोग के लिए और भी एरिया खोल रहे हैं..."


भरोसा एक बड़ी ताकत है- पीएम मोदी

रूस के प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन के साथ अपनी मीटिंग में PM नरेंद्र मोदी ने कहा, "यूक्रेन संकट के बाद से हम लगातार बातचीत कर रहे हैं। एक सच्चे दोस्त के तौर पर, आपने हमें समय-समय पर हर बात से अवगत कराया। मेरा मानना ​​है कि भरोसा एक बड़ी ताकत है।"


भारत न्यूट्रल नहीं है- पीएम मोदी

हैदराबाद हाउस में राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत न्यूट्रल देश नहीं है। वह शांति का पक्षधर रहा है। उन्होंने पुतिन एक दूरदर्शी नेता बताया औऱ कहा कि भारत और रूस के बीच संबंध नई ऊंचाई पर है। शांति के हर प्रयास का भारत समर्थन करता है। 


पीएम मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता

हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता जारी है। 


हैदराबाद हाउस पहुंचे पुतिन

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हैदराबाद हाउस पहुंच गए हैं, जहां पीएम मोदी ने उनका स्वागत किया। कुछ देर में दोनों के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिस पर कई समझौतों पर सहमति बन सकती है। 


राष्ट्रपति पुतिन ने दी बापू को श्रद्धांजलि

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन राजघाट पहुंच गए हैं। उन्होंने यहां महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।


अब राजघाट जाएंगे पुतिन

राष्ट्रपति पुतिन अब राष्ट्रपति भवन से राजघाट जाएंगे। वो यहां महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। 


राष्ट्रपति पुतिन को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

राष्ट्रपति भवन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का औपचारिक स्वागत हुआ। उन्हें सेनाओं ने 21 तोपों की सलामी दी। पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। 


पुतिन का भव्य स्वागत

राष्ट्रपति द्रौपर्दी मुर्मू और पीएम मोदी ने राष्ट्रपति भवन में पुतिन का भव्य स्वागत किया। 


राष्ट्रपति भवन पहुंचे पुतिन

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन राष्ट्रपति भवन पहुंच चुके हैं। राष्ट्रपति द्रौपर्दी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां मौजूद हैं। राष्ट्रपति भवन में पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।


राष्ट्रपति भवन पहुंचे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति भवन पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में रूसी राष्ट्रपति पुतिन भी यहां पहुंचेंगे। पुतिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत होगा और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा। विदेश मंत्री एस जयशंकर, दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना राष्ट्रपति भवन में मौजूद हैं। 


राष्ट्रपति भवन पहुंचने वाले हैं पुतिन

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन थोड़ी देर में राष्ट्रपति भवन पहुंचने वाले हैं। राष्ट्रपति भवन में पुतिन के औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी चल रही है। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, दिल्ली के LG वीके सक्सेना, CDS जनरल अनिल चौहान वहां मौजूद हैं। 


राजघाट पर सभी तैयारियां पूरी

दिल्ली के राजघाट पर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, जहां रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज सुबह महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे।


रक्षा क्षेत्र में भी कई समझौतों की संभावना

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के दौरान बड़ी डिफेंस डील को लेकर भी अटकलें हैं। इस दौरान S-400 और उसके उन्नत रूप S-500 समेत SU-57 लड़ाकू विमानों की खरीद को लेकर बातचीत हो सकती है। रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने हालिया बयान में कहा था कि S-400 और SU-57 एजेंडे में है। मैं बस यही कहूंगा कि हमारा सैन्य उद्योग बहुत अच्छा काम कर रहा है। हम उत्पादन बढ़ाने में कामयाब रहे हैं।

भारत और रूस के बीच ब्रह्मोस के नए वर्जन पर समझौता हो सकता है। दोनों देश ब्रह्मोस के हल्के और ज्यादा रेंज वाले नए वर्जन बनाने पर बात करेंगे, जो पहले से भी ज्यादा खतरनाक होगा।


व्यापार को लेकर दोनों देशों में हो सकती है डील

पुतिन के दौरे के दौरान रूस और भारत 2030 तक अर्थव्यवस्था में रणनीतिक सहयोग क्षेत्रों के विकास के लिए एक कार्यक्रम पर हस्ताक्षर करने की योजना बना रहे हैं। क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने कहा कि रूसी डिप्लोमेट उशाकोव ने कहा कि PM मोदी और पुतिन के बीच बढ़ते ट्रेड और इकोनॉमिक पार्टनरशिप पर बातचीत। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 12% बढ़कर 63.6 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। भारत-रूस में ऊर्जा से लेकर रक्षा, स्पेस, हेल्थकेयर, तकनीक और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नई साझेदारी योजनाएं होंगी। 2030 तक दोनों के बीच के व्यापार को 100 बिलियन डॉलर तक पहुंचाना है।


भारत-रूस के बीच रिश्ता बहुत अच्छे से बढ़ रहा है- यारोस्लाव लिसोवोलिक

BRICS+ Analytics के फाउंडर और रशियन इंटरनेशनल अफेयर्स काउंसिल (RIAC) के मेंबर यारोस्लाव लिसोवोलिक ने कहा, "यह (प्रेसिडेंट पुतिन का दौरा) दोनों देशों के बीच आर्थिक रिश्तों के विकास में एक अहम कदम है। हमने पिछले कई सालों में आपसी व्यापार और ट्रेड टर्नओवर में बहुत बड़ी बढ़ोतरी देखी है। पिछले साल के आखिर तक व्यापार लगभग $70 बिलियन का था। यह पिछले सालों की तुलना में बहुत बड़ी बढ़ोतरी है। लेकिन साफ ​​है कि आगे और ग्रोथ की काफी गुंजाइश है। दोनों देशों के पॉलिसी मेकर्स आपसी व्यापार के लिए और बड़े लक्ष्य तय करना चाह रहे हैं, और हाल के महीनों में जिन लक्ष्यों पर बात हुई है, उनमें से कुछ दोनों देशों के लिए आपसी व्यापार का टारगेट $100 बिलियन के करीब रहा है। इसमें बहुत ज़्यादा पोटेंशियल और नए मौके हैं। दोनों देश अलग-अलग इंटरनेशनल फोरम पर, चाहे वह G20 हो या BRICS, ज़्यादा एक्टिव रूप से सहयोग करना शुरू कर रहे हैं। यह सहयोग व्यापार, इन्वेस्टमेंट और आर्थिक सहयोग की पूरी भावना के मामले में बहुत फायदेमंद है। भले ही भारत और रूस और उस समय के सोवियत यूनियन के बीच रिश्ते हमेशा दोस्ताना रहे हैं, लेकिन हमेशा से ही पिछले ट्रैक रिकॉर्ड को और बेहतर बनाने की संभावना... दोनों देशों के बीच यह रिश्ता बहुत अच्छे से बढ़ रहा है..."


ITC मौर्य के बाहर पुतिन के स्वागत की तैयारियां

दिल्ली के ITC मौर्या के बाहर रूस के प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन के स्वागत में फ्लेक्स बोर्ड और रूस के राष्ट्रीय झंडे लगाए गए।


पुतिन के सम्मान में आज राजकीय भोज का आयोजन

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में आज, 5 दिसंबर शाम 7 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शाम राजकीय भोज की मेजबानी करेंगी। इसके बाद वो रूस के लिए रवाना हो जाएंगे


पुतिन आज महात्मा गांधी को देंगे श्रद्धांजलि

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को आज राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद वो राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। पुतिन और पीएम मोदी 23वें भारत-रूस शिखर वार्ता में शामिल होंगे। 


पीएम मोदी ने पुतिन को गिफ्ट की रूसी भाषा में गीता

PM मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को खास गिफ्ट दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को रूसी भाषा में गीता की एक कॉपी भेंट की। 


एयरपोर्ट पर पुतिन को लेने पहुंचे पीएम मोदी

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार, 4 दिसंबर की शाम दिल्ली पहुंच गए हैं। उनके पालम एयरपोर्ट पर रिसीव करने खुद पीएम मोदी पहुंचे, जिसके बाद दोनों नेता एक ही कार में बैठकर पीएम आवास आए। यहां अपने खास दोस्त के सम्मान में पीएम मोदी ने डिनर का आयोजन किया। 

Published By:
 Ruchi Mehra

पब्लिश्ड