अपडेटेड 21 December 2022 at 08:14 IST
भाजपा सांसद की सोरेन पर कथित टिप्पणी को लेकर झारखंड विस में हंगामा
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद निशिकांत दुबे की लोकसभा में कथित टिप्पणी को मंगलवार को राज्य विधानसभा में हंगामा हुआ।
- भारत
- 2 min read

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद निशिकांत दुबे की लोकसभा में कथित टिप्पणी को मंगलवार को राज्य विधानसभा में हंगामा हुआ।
कांग्रेस विधायक प्रदीप कुमार यादव ने गोड्डा के भाजपा सांसद की सोरेन के संबंध की गई कथित टिप्पणी पर गंभीर आपत्ति जताई। इस टिप्पणी को बाद में संसद की कार्यवाही से हटा दिया गया था।
उन्होंने मांग की कि इस मुद्दे पर निंदा प्रस्ताव विधानसभा से पारित किया जाना चाहिए और उसे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भेजा जाना चाहिए।
उनके साथ सत्ताधारी गठबंधन के कांग्रेस एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के तमाम विधायक भी अध्यक्ष के आसन के सामने आकर नारेबाजी करने लगे जिससे सदन में हंगामे की स्थिति बन गयी।
Advertisement
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री सोरेन के संदर्भ में लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान झारखंड के एक सांसद द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर राज्य सरकार ने कड़ी निंदा और नाराजगी व्यक्त की है।
विज्ञप्ति में कहा गया है,“हालांकि इन टिप्पणियों को संसदीय रिकॉर्ड से हटा दिया गया है, लेकिन भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में निर्वाचित जन प्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे राजनीतिक मतभेदों के बावजूद विचार-विमर्श और संवाद में शब्दों की गरिमा को बनाए रखें। उक्त सांसद द्वारा उपयोग किए गए आपत्तिजनक शब्द एक सांसद से अपेक्षित नहीं है।”
Advertisement
झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन आज सुबह से ही भाजपा विधायक विधानसभाध्यक्ष के आसन के सामने आकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने राज्य सरकार पर स्थानीयता की नीति और नियोजन नीति के नाम पर राज्य के युवाओं को ठगने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा के विरोध के बावजूद राज्य सरकार जानबूझ कर ऐसी स्थानीयता की नीति लेकर आयी जिसका कानूनी तौर पर टिकना असंभव था।
Published By : Press Trust of India (भाषा)
पब्लिश्ड 21 December 2022 at 08:12 IST