'PoK वापस चाहिए, फिर से डेरा डालना है...', पाकिस्तान के खिलाफ जमकर गरजे मोहन भागवत; बोले- हम सब सनातनी, अंग्रेजों ने हमें तोड़ा
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने PoK को लेकर कहा कि किसी ने हमारे घर का एक कमरा हटा दिया है, जिसे अब वापस लेना जरूरी है।
- भारत
- 3 min read

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) को लेकर इन दिनों देश में अलग-अलग बयानबाजी हो रही है। अब संघ प्रमुख मोहन भागवत ने PoK पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भारत का ही अभिन्न अंग है और इसे वापस लेना जरूरी है। मोहन भागवत रविवार को मध्य प्रदेश के सतना में सिंधी समुदाय को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत का अभिन्न अंग बताते हुए इसे अपने घर का एक कमरा करार दिया, वहां, अपनी टेबल कुर्सी पड़ी है। जिस पर किसी और ने अवैध रूप स कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि यह कमरा भारत का हिस्सा है और इसे वापस लेना आवश्यक है।
PoK भारत का एक कमरा है- मोहन भागवत
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, "कई सिंधी भाई यहां बैठे हैं। मुझे बहुत खुशी है। वे पाकिस्तान नहीं गए, वे अविभाजित भारत में गए। परिस्थितियों ने हमें उस घर से यहां भेजा है क्योंकि वह घर और यह घर अलग नहीं हैं। पूरा भारत एक घर है, लेकिन किसी ने हमारे घर का एक कमरा हटा दिया है, जहां मेरी मेज, कुर्सी और कपड़े रखे थे। उन्होंने उस पर कब्जा कर लिया है। मुझे इसे वापस लेना है और इसलिए हमें याद रखना होगा कि अविभाजित भारत"अब समय आएगा, जब हमें वो कमरा वापस लेना होगा।"
राजनाथ सिंह ने PoK को लेकर क्या कहा?
बता दें कि PoK में शहबाज सरकार के खिलाफ जनता का गुस्सा चरम पर पहुंच गया है। पिछले कई दिनों से यहां हालात बेकाबू हो गए है। हिंसक प्रदर्शनों के दौरान पाकिस्तानी सेना की बर्बरता पर करारा प्रहार किया गया है। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण झड़प की खबरे हैं। विरोध प्रदर्शनों में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा घायल हुए हैं। इस बीच PoK को लेकर भारत में भी बयानबाजी हो रही है। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा था कि देश में हम ऐसा माहौल बना देंगे कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के लोग खुद ही चिल्लाएंगे ‘मैं भी भारत हूं’।