Uttarakhand: मसूरी आने वाले सैलानियों का रजिस्ट्रेशन क्यों हुआ अनिवार्य, जानें प्रशासन के फैसले की वजह
हिल स्टेशन मसूरी आने वाले सभी पर्यटकों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है। उत्तराखंड राज्य पर्यटन विभाग ने यह फैसला लिया है। आईए जानते हैं फैसले के पीछे की वजह के बारे में और कैसे करें रजिस्ट्रेशन
- भारत
- 3 min read

उत्तराखंड प्रशासन ने हिल स्टेशन मसूरी के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब यहां आने वाले सभी पर्यटकों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है। तो अगर आप मसूरी जाने का प्लान कर रहे हैं तो नए नियम के बारे पूरी जानकारी जरूर ले लें। यहां जाने से पहले अब पर्यटकों को रजिस्ट्रेशन करना होगा। राज्य पर्यटन विभाग की ओर से यह फैसला लिया गया है। जानते हैं इस फैसले के पीछे की वजह...
उत्तराखंड राज्य पर्यटन विभाग ने मसूरी आने वाले सभी पर्यटकों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है। यह नया नियम 30 जुलाई से लागू हो गया है। पर्यटकों को मसूरी आने के लिए पहले उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा बनाए गए एक पोर्टल पर अपनी जानकारी रजिस्टर करानी होगी। विभाग के अनुसार शुरुआती दो दिन 30 और 31 जुलाई को यह परीक्षण के तौर पर किया गया, फिर इसे लागू कर दिया गया है।
सैलानियों का रजिस्ट्रेशन क्यों हुआ अनिवार्य?
हिल स्टेशन मसूरी में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए पर्यटन विभाग ने बड़ा कदम उठाते हुए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया है। प्रशासन के अनुसार, यह फैसला शहर में बढ़ते पर्यटक दबाव और यातायात की समस्या को नियंत्रित करने के लिए लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस कदम से न केवल ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार होगा, बल्कि पर्यटकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
होटल संचालकों को भी करना होगा रजिस्ट्रेशन
इसके तहत होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे और अन्य आवास सुविधाओं के संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां ठहरने वाले पर्यटकों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें। प्रशासन ने संचालकों को इस नियम का सख्ती से पालन करने और इसके बारे में पर्यटकों को जागरूक करने को भी कहा है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे इस नए नियम का सहयोग करें ताकि मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता और शांति को बनाए रखा जा सके।
Advertisement
इस पोर्टल पर मिलेगी हर डिटेल
राज्य पर्यटन विभाग ने बताया है कि रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बेहद आसान है। पर्यटकों को पोर्टल registrationtouristcare.uk.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसमे नाम, मोबाइल नंबर (भारतीय यात्रियों के लिए) या ईमेल (विदेशी यात्रियों के लिए),यात्रा की तारीख, यात्रियों की संख्या, आधार कार्ड, नंबर, अगर आप अपनी गाड़ी से जा रहे हैं तो गाड़ी नंबर(टू-व्हीलर या फोर-व्हीलर) की डिटेल और अपने शहर का नाम दर्ज भरना होगा।
रजिस्ट्रेशन के पूरी प्रक्रिया
इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद यात्रियों के मोबाइल नंबर पर और विदेश यात्रियों को मेल पर OTP आएगा। सारी जानकारी सही होने के बाद एक यूनिक क्यूआर कोड मिलेगा। यही क्यूआर कोड चेकपोस्ट और होटल चेक-इन के समय स्कैन किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। यह फैसला मसूरी को व्यवस्थित और पर्यटक-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।