पूर्व सांसद जया प्रदा फरार, कोर्ट ने इस वजह से किया घोषित; जानिए पूरा माजरा
Rampur: जया प्रदा के खिलाफ 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता के दो मामले रामपुर में दर्ज किए गए थे।
- भारत
- 2 min read

Jaya Parda: मशहूर एक्ट्रेस और पूर्व सांसद जया प्रदा को लेकर बड़ी खबर आई है। रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें फरार घोषित कर दिया है। कोर्ट ने उन्हें ढूंढकर छह मार्च को पेश करने के आदेश जारी दिए हैं।
दरअसल, जया प्रदा के खिलाफ रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में केस चल रहा है। कोर्ट में पेशी के लिए जया प्रदा को 7 बार NBW के वारंट जारी हो चुके हैं। फिर भी वो कोर्ट में पेश नहीं हुई। ऐसे में रामपुर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है और जया प्रदा को फरार घोषित कर दिया है। साथ ही पुलिस को उनको ढूंढकर कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए गए हैं।
बार-बार जारी किए गए समन
बता दें कि जया प्रदा के खिलाफ 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता के दो मामले रामपुर में दर्ज किए गए थे। इनकी सुनवाई रामपुर की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में चल रही है। कई बार उन्हें कोर्ट में पेश होने के लिए समन जारी किए गए, लेकिन वो हाजिर नहीं हुई। इसके बाद उनके खिलाफ वारंट और गैर जमानती वारंट भी जारी किए गए। फिर भी जया प्रदा कोर्ट में पेश नहीं हुईं।
जानकारी के अनुसार कोर्ट ने जया प्रदा के खिलाफ सात बार गैर जमाती वारंट जारी किए। वहीं, पुलिस अधीक्षक रामपुर को बार-बार लिखकर जया प्रदा को पेश करने के आदेश दिए थे। हर बार जया प्रदा पेशी के लिए अदालत नहीं पहुंची।
Advertisement
रामपुर कोर्ट ने दिखाई सख्ती
इसके बाद कोर्ट ने मंगलवार (27 फरवरी) को पूरे मामले में सख्ती दिखाई और पूर्व सांसद जया प्रदा को फरार घोषित कर दिया। उनके खिलाफ पुलिस अधीक्षक को एक डिप्टी एसपी की अगुवाई में टीम बनाकर 6 मार्च को अदालत में पेश करने को कहा गया है।
गौरतलब है कि जया प्रदा के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन मामले में साल 2019 में थाना कैमरी और थाना स्वार में दर्ज हुए थे।
Advertisement
2019 लोकसभा चुनाव में जया प्रदा ने बीजेपी की टिकट से चुनाव लड़ा था। इसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। रामपुर से चुनाव में जया प्रदा के खिलाफ खड़े हुए सपा उम्मीदवार आजम खान ने जीत हासिल की थी।