LIVE UPDATES/ '10 सालों में भारत की अर्थव्यवस्था दोगुनी हुई...', रामेश्वरम में बोले PM मोदी
India News Live: देशभर में आज रामनवमी का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। अयोध्या में रामलला का सूर्य तिलक हुआ। वहीं, पीएम मोदी आज तमिलनाडु दौरे पर हैं। उन्होंने रामनवमी के मौके पर नए पंबन ब्रिज का उद्घाटन किया। आज BJP का 45वां स्थापना दिवस है, जिसको लेकर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आज से गृह मंत्री अमित शाह 3 दिन के जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं।
- भारत
- 16 min read

India News Live: आज देशभर में रामनवमी के त्योहार की धूम है। जगह-जगह शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसको लेकर खास इंतजाम किए जाएंगे। अयोध्या में रामलला का दोपहर 12 बजे सूर्य तिलक हुआ। अन्य खबरों की बात करें तो आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के दौरे पर हैं। उन्होंने यहां देश के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पुल 'नए पंबन रेल पुल' का उद्घाटन किया। वक्फ संशोधन बिल अब कानून बन गया है। संसद के दोनों सदनों से पारित विधेयक को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार देर रात मंजूरी दे दी। BJP आज अपना 45वां स्थापना दिवस मना रही है। तमाम खबरों के लिए बने रहे हमारे साथ...
चुनाव के समय गृह मंत्री का बहुत बड़ा योगदान रहा- सत पॉल शर्मा
जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सत पॉल शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे पर कहा कि गृह मंत्री जी का चुनाव के समय बहुत बड़ा योगदान रहा। हमारे सभी स्थानीय विधायकों की इच्छा थी कि गृह मंत्री के साथ बैठक हो। इसी संबंध में हमने उनका(अमित शाह) समय लिया था। एक परिचयात्मक बैठक हुई। पार्टी के कुछ संगठनात्मक विषयों को लेकर उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की। हमारे सभी विधायकों को उनके यहां आने से एक ऊर्जा मिली है।
उज्जैन में निकाला गया झांकी और जुलूस
मध्य प्रदेश के उज्जैन में बाबा महाकालेश्वर मंदिर द्वारा राम नवमी 2025 उत्सव पर शहर में झांकी और जुलूस निकाला गया।
Advertisement
हरिद्वार के केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग
हरिद्वार जिले के इब्राहिमपुर गांव में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। आग बुझाने का काम जारी है।
भाजपा कार्यालय से रवाना हुए अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर में भाजपा कार्यालय से रवाना हुए।
उन्होंने यहां पार्टी नेताओं के साथ बैठक की।
Advertisement
पार्टी विधायकों के साथ बैठक हुई- तरुण चुघ
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि पार्टी विधायकों के साथ बैठक हुई। 29 सीटे भाजपा यहां से जीती थी तो पार्टी के सभी विधायक उनसे मिलना चाहते थे इसलिए आज बैठक हुई। सभी विधायकों ने धन्यवाद किया कि बहुत अच्छे से देश की सरकार, मोदी की सरकार जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए काम कर रही है।
शाह के जम्मू दौरे पर क्या बोले रविंदर रैना?
भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे हैं। यहां पर सुरक्षा से जुड़े मामलों की समय-समय पर समीक्षा होती है। वही विकास कार्यों को लेकर भी गृह मंत्री समीक्षा करते हैं, पार्टी संगठन के कार्यकर्ताओं से मिलकर संगठन विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं का भी मार्गदर्शन करते हैं। हम गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हैं वह हमेशा जम्मू-कश्मीर में अमन-शांति के लिए काम करते हैं।
नए पंबन ब्रिज का वीडियो आया सामने
नए पंबन ब्रिज का वीडियो- भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पुल जिसका आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया।
भगवान राम की 30 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण
रामनवमी 2025 के अवसर पर रायगढ़ में भगवान राम की 30 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया।
महाकालेश्वर मंदिर में की गई आरती
मध्य प्रदेश के उज्जैन में रामनवमी के अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर में आरती की गई।
उम्मीद है कि SC से हमारे लोगों को इंसाफ मिलेगा- शत्रुघ्न सिन्हा
वक्फ (संशोधन) विधेयक को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा मंजूरी मिलने पर TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रपति जी के पास कोई दूसरा रास्ता था क्या? जब लोकसभा और राज्यसभा से बिल पास हो गया तो उसके बाद उन्हें सिर्फ एक स्टांप लगाना था इसलिए स्टांप लगा दिया गया है। मैं समझाता हूं कि इसका फैसला अब जनता करेगी। इस मामले को लेकर लोग सुप्रीम कोर्ट गए हैं और जा भी रहे हैं। तो ये मामले की शुरुआत है अंत नहीं हैं। उम्मीद करता हूं कि सुप्रीम कोर्ट से हमारे लोगों को इंसाफ मिलेगा।
दिल्ली पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड और श्रीलंका की अपनी दो देशों की यात्रा पूरी करने के बाद दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर पहुंचे।
पीएम मोदी ने आज तमिलनाडु के रामनाथपुरम में नवनिर्मित पंबन रेलवे ब्रिज का भी उद्घाटन किया।
अयोध्या में जलाए गए 2 लाख दीप
रामनवमी के अवसर पर अयोध्या के चौधरी चरण सिंह घाट पर लगभग 2 लाख दीप जलाए गए।
जम्मू स्थित राजभवन पहुंचे शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू स्थित राजभवन पहुंचे।
सीएम मोहन ने रामनवमी कार्यक्रम में लिया हिस्सा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चित्रकूट के भरत घाट पर रामनवमी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
शोभा यात्रा में शामिल हुए सीएम नीतीश
सीएम नीतीश कुमार शोभा यात्रा में शामिल हुए।
जम्मू पहुंचे अमित शाह
केंद्रीय मंत्री अमित शाह जम्मू पहुंचे। इस दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उनका स्वागत किया।
पटना में निकाली गई बाइक रैली
बिहार की राजधानी पटना में रामनवमी के अवसर पर बाइक रैली का आयोजन किया गया।
राम नवमी उत्सव 2025 में शामिल हुए सीएम फडणवीस
नागपुर में मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस राम नवमी उत्सव 2025 में शामिल हुए।
आज गोरखपुर में निवेश सुरक्षा की गारंटी- सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह वही गीडा है, जहां पहले कोई उद्योग लगाने को तैयार नहीं था। पिछले 8 वर्षों में हम यहां 15 हजार करोड़ रुपए का निवेश लाए हैं। गीडा में 50 हजार से अधिक लोगों को नौकरी मिली है। इस दौरान यहां अनेक उद्योग आए हैं। यहां अन्य नई चीजे आ रही हैं। लोगों के दिलो-दिमाग में आया है कि आज गोरखपुर में निवेश सुरक्षा की गारंटी है।
केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने शोभा यात्रा में लिया भाग
झारखंड के रांची मेंरामनवमी के अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने भाग लिया।
देश की तरक्की में हम सभी का हाथ- सीएम अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इस देश की तरक्की में हम सभी का एक हाथ है। इस प्रोग्राम के तहत जम्मू-कश्मीर के कलाकारों को अपनी कला दिखाने का एक मौका मिलेगा। इस रियासत ने बहुत मुश्किल झेली है और अब हम उन मुश्किलों से निकल आए हैं। हमारी कोशिश होगी कि जम्मू-कश्मीर भी भारत की तरक्की में शामिल हो।
शोभा यात्रा में शामिल हुए मिथुन चक्रवर्ती
अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती रामनवमी के अवसर पर पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में आयोजित शोभा यात्रा में शामिल हुए।
पिछले 10 सालों में भारत की अर्थव्यवस्था दोगुना हुई- पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा किॉ पिछले 10 वर्षों में भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था का आकार दोगुना कर लिया है। इतनी तेज़ वृद्धि का एक बड़ा कारण हमारा बेहतरीन आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर है। पिछले 10 वर्षों में हमने रेलवे, सड़क, एयरपोर्ट, बंदरगाह, बिजली, पानी, गैस पाइपलाइन जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बजट को लगभग 6 गुना बढ़ाया है।
यह भारत रत्न डॉ. कलाम की भूमि- पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह भारत रत्न डॉ. कलाम की भूमि है, उनके जीवन ने हमें दिखाया कि विज्ञान और अध्यात्म एक दूसरे के पूरक हैं। इसी तरह रामेश्वरम के लिए नया पंबन ब्रिज प्रौद्योगिकी और परंपराओं को एक साथ लाता है।
आज रामनवमी का पावन पर्व- पीएम मोदी
तमिलनाडु के रामेश्वरम में पंबन ब्रिज का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज रामनवमी का पावन पर्व है, अब से कुछ समय पहले अयोध्या में भव्य राम मंदिर में राम लला का सूर्य की किरणों ने भव्य तिलक किया है। भगवान श्री राम का जीवन, उनके राज से मिलने वाली सुशासन की प्रेरणा राष्ट्र निर्माण का बड़ा आधार है।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर में की पूजा
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "आज मैंने अपने परिवार के साथ भगवान राम की पूजा अर्चना की। हमने देश के नागरिकों के लिए सुख और समृद्धि की कामना की। मैं देश की जनता को प्रणाम करता हूं।"
शोभायात्रा में शामिल हुईं CM रेखा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रामनवमी के अवसर पर शोभा यात्रा में शामिल हुई। लोगों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।
रामनाथपुरम में पीएम मोदी की जनसभा
रामनाथपुरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "आज रामनवमी का पावन पर्व है, अब से कुछ समय पहले अयोध्या में भव्य राम मंदिर में राम लला का सूर्य की किरणों ने भव्य तिलक किया है। भगवान श्री राम का जीवन, उनके राज से मिलने वाली सुशासन की प्रेरणा राष्ट्र निर्माण का बड़ा आधार है..."
रामनाथपुरम में PM मोदी का रोड शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामनाथपुरम में रोड शो किया।
शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में राम मंदिर की रखी आधारशिला
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और BJP नेता शुवेंदु अधिकारी ने राम नवमी के अवसर पर नंदीग्राम में राम मंदिर की आधारशिला रखी।
BJP हमेशा जनहित और देशहित के लिए कानून लाती है- मोहसिन रजा
वक्फ संशोधन विधेयक पर भाजपा नेता मोहसिन रजा ने कहा, "कांग्रेस ने मुस्लिम समाज के लोगों को 2013 के संशोधन से लूटने का काम किया था। राहुल गांधी अच्छी तरह से जानते हैं कि उस कानून को खत्म करने काम भाजपा ने किया है। कांग्रेस ने इस पर सदन में चर्चा क्यों नहीं की? वे जानते हैं कि उन्होंने जो किया है गलत किया है। भाजपा हमेशा जनहित और देशहित के लिए कानून लाती है। कांग्रेस ने मुसलमानों के उत्थान और कल्याण का काम नहीं किया।"
सिलीगुड़ी में निकाली गई शोभा यात्रा
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में रामनवमी के अवसर पर लोगों ने शोभा यात्रा में हिस्सा लिया।
शिवराज सिंह चौहान ने किया कन्या पूजन
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राम नवमी के अवसर पर अपने आवास पर कन्या पूजन किया। उन्होंने कहा, "आज रामनवमी है और नवरात्रि का नौवां दिन भी है। नौवे दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा होती है। मां सब पर कृपा करें, सब सुखी रहें, हम सब मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। नवमी पर कन्या पूजन की परंपरा है, बेटियां देवी का रूप होती हैं। राम हमारे अस्तित्व हैं, हमारे अराध्य हैं, हमारे भगवान हैं। राम हमारे रोम-रोम में हैं। हम सब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रामराज्य लाने के लिए काम कर रहे हैं।"
BJP के स्थापना दिवस पर जेपी नड्डा का संबोधन
केंद्रीय मंत्री और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने ‘भाजपा स्थापना दिवस’ कार्यक्रम में कहा, "चाहे प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना हो, आयुष्मान भारत योजना हो, उज्ज्वला योजना हो, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में हमने गांव, गरीब, महिला, आदिवासी सबकी चिंता की है। हमारी जिम्मेदारी 2047 तक विकसित भारत का निर्माण है, इसके लिए हम सभी को आगे बढ़ने की जरूरत है।"
रामलला के ललाट पर सूर्य तिलक
रामनवमी के मौके पर अयोध्या में भगवान सूर्य ने रामलला का सूर्य तिलक किया। हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस अद्भुत नजारे के साक्षी बनें।
रामनवमी के अवसर पर द्वारकाधीश पहुंची हेमा मालिनी
BJP सांसद हेमा मालिनी ने कहा, "आज रामनवमी के मौके पर मैं यहां द्वारकाधीश मंदिर में हूं। आज मेरी पार्टी बीजेपी का स्थापना दिवस भी है। सौभाग्य से इस दिन कई अच्छी चीजें हुईं। मैं रामनवमी के मौके पर सभी को शुभकामनाएं देती हूं।"
CM धामी ने किया कन्या पूजन
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पत्नी गीता पुष्कर धामी ने राम नवमी के अवसर पर अपने आवास पर कन्या पूजन और हवन किया।
BJP के स्थापना दिवस पर क्या बोले CM हिमंता?
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "भाजपा ने देश को दो प्रधानमंत्री दिए हैं। प्रधानमंत्री मोदी का तीसरा कार्यकाल हमारे लिए अभूतपूर्व सफलता है। आज देश के 21 राज्यों में भाजपा या NDA की सरकारें हैं। भाजपा, NDA ने सुशासन की नई परंपरा शुरू की है। आज स्थापना दिवस के अवसर पर मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं।"
PM मोदी ने अनुराधापुरा रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन को भी दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने संयुक्त रूप से महो-अनुराधापुरा रेलवे लाइन के लिए सिग्नलिंग सिस्टम का शुभारंभ किया - यह परियोजना भारत सरकार द्वारा समर्थित है। उन्होंने अनुराधापुरा रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई।
श्री महा बोधि मंदिर पहुंचे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके के साथ श्रीलंका के अनुराधापुरा में जया श्री महा बोधि मंदिर में पहुंचे।
CM योगी ने नशा मुक्ति अभियान को दिखाई हरी झंडी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर से 'नशा मुक्ति' अभियान के लिए विशेष वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
BJP के स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुईं CM रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भाजपा स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने कहा, "हमने हमेशा देश प्रथम, पार्टी द्वितीय और अपने आप को आखिर में रखकर इस सिद्धांत की अनुपालना की है। हमारे लिए देश हमेशा प्रथम रहा है और हमेशा रहेगा। आज सरकार के माध्यम से हम दिल्ली और देश की तरक्की के लिए काम करने जा रहे हैं... सरकार दिल्ली में रहने वाले समाज के सभी वर्गों के हित में काम करेगी।"
अयोध्या SSP राजकरण नय्यर का बयान
अयोध्या SSP राजकरण नय्यर ने कहा, "रामनवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या आ रहे हैं, इसलिए हमने क्षेत्र को विभिन्न जोन और सेक्टर में विभाजित किया है। ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है, इनका इस्तेमाल यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए किया जा रहा है।"
गाजियाबाद के वैशाली इलाके में दो फैक्ट्रियों में लगी आग
गाजियाबाद के वैशाली इलाके में दो फैक्ट्रियों में आग लगी, दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। CFO राहुल कुमार ने कहा, "सुबह 3:08 बजे फायर स्टेशन वैशाली को आग लगने की सूचना मिली। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहां पहुंचने पर देखा गया कि दो फैक्ट्रियों में आग लगी हुई है। एक फैक्ट्री में मेटल फैब्रिकेशन का काम होता है और दूसरी फैक्ट्री में अगरबत्ती और धूपबत्ती बनाने में इस्तेमाल होने वाला परफ्यूम और तेल बनता है... आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। कूलिंग का काम जारी है।"
अनंत अंबानी की जामनगर से द्वारकाधीश मंदिर तक की पदयात्रा पूरी
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निदेशक अनंत अंबानी की जामनगर से द्वारकाधीश मंदिर तक की पदयात्रा आज पूरी हुई और राम नवमी के अवसर पर द्वारकाधीश मंदिर पहुंचे। अनंत अंबानी ने कहा, "मैं रामनवमी के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देता हूं। मैंने द्वारकाधीश के दर्शन किए और इसके साथ ही मेरी पदयात्रा पूरी हुई।"
संभल की सत्यव्रत पुलिस चौकी का आज होगा उद्घाटन
संभल की सत्यव्रत पुलिस चौकी का आज रामनवमी के अवसर पर उद्घाटन होगा। जामा मस्जिद के ठीक सामने सत्यव्रत पुलिस चौकी बनाई गई है। SP संभल, एडिशनल SP, CO संभल, DM संभल समेत सभी अधिकारी मौजूद रहेंगे। बीते साल 24 नवंबर को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान संभल में हिंसा हुई थी। जामा मस्जिद इलाके में लॉ एंड आर्डर बनाए रखने के लिए पुलिस चौकी बनाई गई है।
अयोध्या में रखी जा रही ड्रोन से नजर
रामनवमी के अवसर पर राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
तमिलनाडु दौरे पर PM मोदी
रामनवमी के अवसर पर पीएम मोदी तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। वह यहां देश के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पुल 'नए पंबन रेल पुल' का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान और भी कई सौगातें देंगे। इसके अलावा पीएम मोदी रामेश्वरम के रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। PM मोदी के दौरे पर पूरा शेड्यूल...

भारत की आस्था, मर्यादा और दर्शन में राम हैं- CM योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनवमी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा, "भारत के प्राण, मानवता के आदर्श, धर्म के सर्वोत्तम स्वरूप, हमारे आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के पावन अवतरण दिवस 'श्री राम नवमी' की समस्त रामभक्तों एवं प्रदेश वासियों को मंगलमय शुभकामनाएं! भारत की आस्था, मर्यादा और दर्शन में राम हैं। राम भारत की 'अनेकता में एकता' के सूत्र हैं। जन-जन की आस्था के केंद्र प्रभु श्री राम की कृपा चराचर जगत पर बनी रहे। सबका कल्याण हो, यही प्रार्थना है। श्री राम नवमी का यह पावन पर्व मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की शिक्षाओं और आदर्शों को अपने व्यक्तित्व में उतारने के लिए संकल्पित होने का एक अवसर है। करुणानिधान प्रभु श्री राम की जय!"
PM मोदी ने दी रामनवमी की बधाई
PM मोदी ने देशवासियों को रामनवमी की बधाई दी। उन्होंने कहा, "सभी देशवासियों को रामनवमी की ढेरों शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का यह पावन-पुनीत अवसर आप सबके जीवन में नई चेतना और नया उत्साह लेकर आए, जो सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के संकल्प को निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करे। जय श्रीराम!"