'छात्रों को राजनीतिक मकसद के लिए इस्तेमाल कर रहे कुछ लोग, विपक्ष गंभीर है तो...', रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हमला

नीट विवाद और छात्र प्रदर्शन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कुछ लोग युवाओं का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष संसद के बजाय सड़कों पर समाधान ढूंढ रहा है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Rajnath Singh
राजनाथ सिंह का विपक्ष पर हमला | Image: ANI (file photo)

Rajnath Singh Statement: नीट विवाद को लेकर छात्रों के प्रदर्शन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग छात्रों और युवाओं को अपने राजनीतिक मकसद के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। राजनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार सभी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष सड़कों पर समाधान खोजने की गलत कोशिश कर रहा है।

'छात्रों की चिंता को सुनना और समाधान करना…'

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शन गंभीर चिंता का विषय है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश के छात्रों और युवाओं को कुछ लोग अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए एक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। PM मोदी के नेतृत्व में, हमारी सरकार छात्रों और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी छात्रों की हर चिंता को सुनना और उसका समाधान करना, ये हम सब की जिम्मेदारी है।

राजनाथ सिंह ने भरोसा जताया है कि भारत के जागरूक, परिपक्व और विवेकशील युवा ऐसी सभी कोशिशों को समझते हैं और वे विकास और राष्ट्र-निर्माण का रास्ता चुनेंगे। हम यह पक्का करने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं कि किसी के साथ, खासकर हमारे युवाओं और छात्रों के साथ कोई अन्याय न हो।

रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेता लोगों के बीच बनावटी गुस्सा पैदा कर रहे हैं। मेरा मानना ​​है कि यह छात्रों को गुमराह करने का असफल प्रयास किया जा रहा है। हम युवाओं के प्रति संवेदनशील हैं।

Advertisement

संसद में मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए- राजनाथ 

उन्होंने अपील की है कि मॉनसून सत्र चल रहा है और सरकार ने सभी मुद्दों पर सार्थक बहस करने की बात कही है। विपक्ष संसद के बजाय सड़कों पर समाधान खोजने का अनुचित प्रयास कर रहा है। अगर विपक्ष गंभीर है तो उन्हें सत्र में हंगामा नहीं करना चाहिए, बल्कि वहां मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।

इससे पहले बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें उन्होंने नीट परीक्षा विवाद, CJP प्रोटेस्ट और विपक्ष के हंगामे से जुड़े हर एक सवाल का जवाब दिया।

Advertisement

सरकार खुले तौर पर चर्चा को तैयार- बांसुरी स्वराज

बांसुरी ने कहा कि सरकार खुले तौर पर सदन में चर्चा कराने को तैयार है। मोदी सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और हम देश के बच्चों के प्रति जवाबदेह हैं। विपक्ष ने चर्चा के लिए कोई नोटिस नहीं दिया है। ऐसा लगता है कि वे अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं और उनका मकसद विपक्ष की भूमिका निभाना नहीं, बल्कि सिर्फ उपद्रव फैलाना है।

यह भी पढ़ें: 'सरकार चर्चा को तैयार, विपक्ष का काम सिर्फ उपद्रव फैलाना', CJP प्रदर्शन और NEET पर BJP का हमला, बांसुरी स्वराज ने PC में हर सवाल के दिए जवाब

Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड