गर्भपात का दबाव, किडनैप, मारपीट फिर पेड़ में बांधकर जिंदा जलाया... पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर की मौत; मां ने किए बड़े खुलासे
पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर की PGIMER में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंजीत कौर को चंडीगढ़ से अगवा किया गया था। उसके बाद मारपीट करके मंजीत को मोरिंडा के पास जिंदा जला दिया गया था।
- भारत
- 3 min read

पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर की PGIMER में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंजीत कौर को चंडीगढ़ से अगवा किया गया था। उसके बाद मारपीट करके मंजीत को मोरिंडा के पास जिंदा जला दिया गया था। मंजीत कौर के इंस्टाग्राम पर 1.4 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। जहां वह रेगुलर रील्स और प्रमोशनल कंटेंट शेयर करती थीं। इंस्टाग्राम पर मंजीत कौर के लगभग 146,000 फॉलोअर्स थे। उनकी पोस्ट में कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स को प्रमोट करने वाली रील्स और मशहूर पंजाबी व हरियाणवी गानों वाले वीडियो शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 103 (1) (हत्या) और 140 (1) (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मंजीत की मां की शिकायत के अनुसार, कौर को कथित तौर पर उनके दो परिचितों शुभी और पिंडा ने 3 जुलाई को सेक्टर 34 में शराब की दुकान के पास बुलाकर अगवा कर लिया था। शिकायत में कहा गया है कि उन्हें पंजाब के मोरिंडा ले जाया गया, जहां उनपर गर्भपात का दवाब डाला गया फिर मारपीट के बाद पेड़ से बांधकर जिंदा जला दिया गया। मंजीत कौर की मां ने बताया कि घटना के वक्त वो 7 सप्ताह की प्रेग्नेंट थी।
मां ने पुलिस पर लगाए आरोप
मंजीत की दोस्त मौके पर पहुंची और कंबल से आग बुझाई, फिर उन्हें मोरिंडा के एक अस्पताल ले गई। बाद में उन्हें मोहाली के एक प्राइवेट अस्पताल और फिर चंडीगढ़ के PGIMER ले जाया गया। मंजीत मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को 5 अगस्त को होश आ गया था, लेकिन मोहाली की खरड़ पुलिस को उसका बयान दर्ज करने के लिए सूचना देने के बावजूद पुलिस नहीं आई। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने परिवार का पूरा सहयोग किया।
Advertisement
पुलिस कर रही मामले की जांच
चंडीगढ़ की डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (साउथ) गुरजीत कौर ने कहा कि जांच चल रही है और हमलावरों का पता लगाने की कोशिशें की जा रही हैं। पुलिस इस घटना के पीछे के लोगों का पता लगाने के लिए CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच कर रही है, साथ ही कथित अपहरण से जुड़ी परिस्थितियों का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है। हत्या के पीछे की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
Advertisement
हरियाणा की रहनेवाली थीं मंजीत कौर
मंजीत कौर हरियाणा की रहने वाली थीं, लेकिन वह खरड़ में किराए के मकान में रह रही थीं। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मंजीत कौर की अभी शादी नहीं हुई थी। कुछ जान-पहचान के लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा था।
CCTV खंगाल रही पुलिस
मनजीत की मां की शिकायत के आधार पर चंडीगढ़ पुलिस ने शुभी और पिंडा नाम के दो संदिग्धों के खिलाफ अपहरण, हत्या और साजिश समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जांच के दौरान पुलिस चंडीगढ़ से मोरिंडा तक के रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मनजीत के परिचितों से पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात की पूरी कड़ी और कथित अपहरण के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।