अपडेटेड 7 July 2024 at 14:28 IST
Mumbai Hit and Run Case: महाराष्ट्र में हिट एंड रन के मामलों में पिछले कुछ दिनों में बढ़ोतरी देखी गई है। पुणे पोर्श एक्सीडेंट हादसा अभी तक सबके जहन में है, जहां 18-19 मई को रईसजादे नाबालिग आरोपी ने रोड एक्सीडेंट में बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी थी, जिस दुर्घटना में दोनों की मौत हो गई थी। अब राजधानी मुंबई में ठीक पुणे जैसा ही एक केस हुआ है। यहां BMW कार सवार युवक ने स्कूटी को टक्कर मारी है, जिसमें एक महिला की मौत हो चुकी है।
मुंबई के वर्ली इलाके से हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां एक कार ने स्कूटी पर जा रहे मछुआरे और उनकी पत्नी को पीछे से ठोकर मार दी। पुलिस के मुताबिक, वर्ली कोलीवाडा इलाके में रहने वाली ये दंपत्ति सुबह ससून डॉक मछली लेने के लिए गई थी। जब वो लोग मछली लेकर वापस आ रहे थे, उसी वक्त उनकी स्कूटी को एक BMW कार ने पीछे से टक्कर मारी। इस घटना में मछुआरे की पत्नी की मौत हो गई।
घटना आज सुबह 5:30 की है, जब बाइक पर सवार पति-पत्नी वर्ली के एट्रिया मॉल के सामने से गुजर रहे थे। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन इलाज से दौरान ही उसकी जान चली गई। फिलहाल इस मामले में वर्ली पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जो हिट एंड रन का मामला आया है, बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस से बातचीत की है। आरोपी कोई भी हो, एक नजर से देखा जाएगा। किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा। कानूनी कार्रवाई सख्ती से की जाएगी। कानून के सामने सब बराबर हैं, चाहे जो भी हो।
पब्लिश्ड 7 July 2024 at 14:28 IST