नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से अब तक 18 यात्रियों की मौत, मोदी-योगी ने जताया दुख, घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचीं आतिशी

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी समेत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है।

Follow : Google News Icon  
Delhi Railway Station Stampede
Delhi Railway Station Stampede | Image: PTI/Republic

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। मरने वालों में महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा है। वहीं, भगदड़ की घटना में बड़ी संख्या में लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। हालांकि, अब नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हालात काबू में है। इधर घटना पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विपक्ष के भी कई नेताओं ने दुख जताया है। दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी देर रात घायलों से मिलने LNJP अस्पताल पहुंची है।

जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ उस समय मची जब महाकुंभ जाने के लिए यात्रियों की भीड़ स्टेशन पर मौजूद थीं। इस बीच दो ट्रेन देरी से चल रही थीं। भीड़ बढ़ती गई और इस बीच ही हालात बेकाबू हो गए। स्टेशन में RPF की तैनाती भी कम थी। हादसा प्लेटफार्म 13 और 14 पर हुआ। हादसे पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी समेत तमाम नेताओं ने दुख जताया है।

PM मोदी ने भगदड़ की घटना पर जताया दुख

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पोस्ट में लिखा,नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्दी ठीक हो जाएं। अधिकारी इस भगदड़ से प्रभावित सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने क्या कहा?

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में लोगों के हताहत होने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।

Advertisement

घटना दुःखद और हृदयविदारक- सीएम योगी

हादसे पर सीएम योगी ने भी दुख जताया है । उन्होंने X पोस्ट में लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
 

घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचीं आतिशी

दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री और AAP नेता आतिशी भगदड़ की घटना की सूचना मिलने पर देर रात LNJP अस्पताल पहुंची जहां घायलों का इलाज चल रहा है। उन्होंने X पोस्ट में लिखा- "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की दुखद मृत्यु अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। LNJP अस्पताल में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। कई लोग घायल भी हैं, जिनका इलाज चल रहा है। 

Advertisement

रेलवे ने किया मुआवजे का ऐलान

रेलवे ने भगदड़ में जान गंवाने वाले और घायल हुए लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान कर दिया है। मृतकों के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख और मामूली रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान हुआ।

यह भी पढ़ें: New Delhi Railway Station Stampede: नई दिल्ली रेल हादसे पर मुआवजे का ऐलान, मृतकों को दिए जाएंगे 10-10 लाख रुपये

Published By :
Rupam Kumari
पब्लिश्ड